उत्तर भारतीय संघ में बाटी-चोखा स्नेह सम्मेलन

Mon, Jul 03 , 2023, 07:33 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

0 उद्योगपति- समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह का हुआ सम्मान
0 असल्फा में अमरावती-श्रीनाथ सिंह इंग्लिश मीडियम स्कूल का शुभारंभ
मुंबई।
बारिश की रिमझिम फुहारों के बीच बांद्रा पूर्व स्थित उत्तर भारतीय संघ भवन में बाटी-चोखा स्नेह सम्मेलन (Baati-chokha affection conference) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उद्योगपति-समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह का भव्य सत्कार किया गया। उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह (President Santosh RN Singh) ने बताया कि उत्तर भारतीय समाज को एकजुटता के सूत्र में पिरोने के मकसद से आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों लोगों ने बाटी-चोखा का स्वाद लिया। इसी मौके पर उत्तर भारतीय संघ की तरफ से संचालित असल्फा हिंदी बाल विद्यालय परिसर में अमरावती-श्रीनाथ सिंह इंग्लिश मीडियम स्कूल का शुभारंभ भी किया गया। समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह ने अपने माता-पिता की स्मृति में इंग्लिश मीडियम स्कूल शुरू करने के लिए 51 लाख रुपए का विशेष दान किया है। साथ ही इस स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को हर साल पाठ्य सामग्री और यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने का वादा भी किया। रविवार शाम को कभी हल्की-कभी तेज बारिश के बावजूद उत्तर भारतीय संघ भवन का सभागृह खचाखच भरा हुआ था। कार्यक्रम की शुरुआत बांके राम तिवारी और बाबू आरएन सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह ने उद्योगपति- समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह का भव्य नागरिक सत्कार किया। अन्य संस्थानों की तरफ से उनका सत्कार किया गया।

 
दिल्ली में बने संघ भवन: ज्ञान प्रकाश सिंह
सत्कार मूर्ति ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि बाबू आरएन सिंह की सोच थी कि समाज से जो मिला, उसे समाज को लौटाया जाए। बाबूजी के सपनों को पूरा करने का काम संतोष आरएन सिंह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी नई दिल्ली में बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय समाज के लोग रहते हैं, ऐसे में वहां भी उत्तर भारतीय संघ भवन बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि ईश्वर ने जिनको भी समक्ष बनाया, उन्हें अपने गांव में स्कूल-अस्पताल बनाने का काम करना चाहिए। ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि वे उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह की पूरी मदद करेंगे।

अंग्रेजी स्कूल सौगात बनकर आया: संतोष आरएन सिंह  
संतोष आरएन सिंह ने कहा कि ज्ञान प्रकाश सिंह की जितनी तारीफ की जाए, वह कम है। उन्होंने हमें न केवल खाने पर अपने घर बुलाया, बल्कि 51 लाख रुपए का दान भी किया। यह इंग्लिश मीडियम स्कूल उत्तर भारतीय सहित अन्य समाज के बच्चों के लिए सौगात बनकर आया है। संतोष आरएन सिंह ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि एमएम आर रीजन में समाज के आखिरी पंक्ति के व्यक्ति का उद्धार नहीं जाता, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे।

यह जौनपुर वासियों का सम्मान: कृपाशंकर सिंह
पूर्व गृह राज्य मंत्री और भाजपा नेता कृपाशंकर सिंह (Kripashankar Singh) ने कहा कि यह ज्ञान प्रकाश सिंह का नहीं, जौनपुर वासियों का सम्मान है। मुंबई में हर छठा व्यक्ति जौनपुर का है। उन्होंने कहा कि संतोष आरएन सिंह बेहतर तरीके से बाबू आरएन सिंह की तरफ से शुरू किए गए कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।

उत्तर भारतीयों ने मेहनत से बनाया मुकाम: राजहंस सिंह
भाजपा विधायक राजहंस सिंह ने कहा कि मुंबई में 12-14 घंटे मेहनत करते हुए उत्तर भारतीय समाज ने अपना मुकाम बनाया है। इसी तरह ज्ञान प्रकाश सिंह ने भी मेहनत से अपना स्थान बनाया। उन्होंने समाज के उत्थान में योगदान देने वाले दान वीरों को प्रणाम करते हुए कहा कि हम सभी यहां केवल उत्तर भारतीय हैं।

विरासत को बखूबी आगे बढ़ाया: हरिवंश सिंह
पूर्व सांसद हरिवंश सिंह (Harivansh Singh) ने कहा कि बाबू आरएन सिंह के जाने के बाद क्रिकेटर संतोष आरएन सिंह ने उनकी विरासत को बखूबी आगे बढ़ाया है। वे अब तक कई छक्के मार चुके हैं।

संतोष आरएन सिंह से जुड़े पूरा समाज: राधेश्याम तिवारी
राधेश्याम तिवारी ने कहा कि संतोष आरएन सिंह के साथ पूरे उत्तर भारतीय समाज को खड़ा होना चाहिए। द्वारिका प्रसाद मिश्रा ने इस मौके पर कहा कि नाम के अनुरूप ज्ञान प्रकाश सिंह ने ज्ञान के प्रकाश को फैलाने का काम किया है। शिक्षाविद डॉ. राजेंद्र सिंह ने कहा कि ज्ञान प्रकाश सिंह का सम्मान प्रेरणा का विषय है। उत्तर भारतीय समाज के पास पैसे की कमी नहीं है, बस देने की प्रवृत्ति होनी चाहिए।

ज्ञानप्रकाश सिंह प्रतिभा के धनी: संजय सिंह
उत्तर भारतीय संघ युवा मोर्चा अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि ज्ञान प्रकाश सिंह बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं। उन्होंने उत्तर भारतीय संघ में गेस्ट हाउस शुरू करने के लिए भी २५ लाख रुपए का योगदान दिया था। वरिष्ठ पत्रकार अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि मालाड से मीरा रोड तक कई अरबपति मिल जाएंगे, लेकिन समाज के लिए उन्होंने क्या किया? यह बात महत्वपूर्ण है।

इनकी रही उपस्थिति    
कार्यक्रम में कार्याध्यक्ष शारदा प्रसाद सिंह, अच्छेवर तिवारी, द्वारका प्रसाद मिश्रा, मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह, आचार्य पवन त्रिपाठी, "हमारा महानगर" की निदेशिका गीता सिंह, मुंबई भाजपा के प्रवक्ता उदय प्रताप सिंह, आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली, डॉ. किशोर सिंह, श्रीनिवास त्रिपाठी "विद्रोही", मनोज सिंह, रमाकांत सिंह, विनोद मिश्रा, बलवंत सिंह, अनिल सिंह, कुर्ला शाखा के अध्यक्ष महेश गुप्ता, नैसर्गिक विकलांग सेवा संघ के अध्यक्ष टीएन दुबे, अखंड राजपूताना संघ के आरपी सिंह सहित बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय समाज के लोग उपस्थित थे।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups