केंद्र और राज्य सरकार के विरोध में राज्यव्यापी आंदोलन करेगी महिला मोर्चा
प्रदेश महिला कांग्रेस कार्यकारिणी की समीक्षा बैठक तिलक भवन में हुई.
मुंबई। आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस प्रदेश की महिला मोर्चा बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी को लेकर पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी। सोमवार को कांग्रेस प्रदेश कार्यालय तिलक भवन में आयोजित प्रदेश महिला कार्यकारिणी की बैठक में यह घोषणा प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने की है.उन्होंने कहा कि नारी शक्ति देश की बहुत बड़ी शक्ति है और आजादी में उनका बड़ा योगदान है महिलाएं मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें तो मोदी सरकार की हार निश्चित है। मोदी सरकार के दौरान महंगाई काफी बढ़ गई है और इस महंगाई का सामना सबसे पहले महिलाओं को करना पड़ रहा है। इस महंगाई से आम लोगों का भी जीना मुश्किल हुआ है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले (Nana Patole) ने कहा है कि महिला कांग्रेस को इस मुद्दे पर आक्रामक रुख अपनाना चाहिए और केंद्र की मोदी सरकार से महंगाई को लेकर कड़े सवाल करना चाहिए। इस मौके पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष नेट्टा डिसूजा, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष संध्या सव्वालाखे सहित प्रदेश भर से महिला पदाधिकारी मौजूद रहीं।
पटोले ने महिला नेताओं से कहा कि महंगाई का मुद्दा आपके हाथ में बड़ा हथियार है। इसे लेकर आपको मोदी सरकार (Modi government) के खिलाफ प्रदर्शन करना चाहिए। पटोले ने कहा कि मुंबई और महाराष्ट्र में महिला उत्पीड़न की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। इस मुद्दे को भी मजबूती से उठाया जाना चाहिए। पटोले ने महिला कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे लोकसभा और विधानसभा चुनाव को सामने रखकर काम करें और दिल्ली की मोदी सरकार को हराएं।इस अवसर पर बोलते हुए महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेट्टा डिसूजा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी ने स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया। इसकी अगुवाई में राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का ऐतिहासिक काम किया गया। आज हमारी 50% हिस्सेदारी के साथ 50% जिम्मेदारी है। आपको जो जिम्मेदारी दी गई है उसे ठीक से निभाएं। कर्नाटक में महिलाओं ने घर-घर जाकर प्रचार किया और कांग्रेस की जीत में अहम योगदान दिया। महिलाओं को हर अगले चुनाव में प्रचार में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। कोई भी पद स्थायी नहीं होता, पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसके साथ न्याय करने का काम करें। नेट्टा डिसूजा ने यह भी कहा कि 2024 के चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में सभी महिला कार्यकर्ता कड़ी मेहनत करें और कांग्रेस को सत्ता में लाने का प्रयास करें।महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष संध्या सव्वालाखे ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं। मुंबई की लोकल में एक लड़की के साथ अत्याचार करने का प्रयास किया गया। चर्चगेट के पास एक महिला छात्रावास में एक लड़की का यौन उत्पीड़न किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। मुंबई में एक हत्यारे ने एक महिला के टुकड़े-टुकड़े करने की बेहद घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। राज्य के अन्य हिस्सों में भी महिलाओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। शिंदे-फडणवीस सरकार महिलाओं पर अत्याचार रोकने में पूरी तरह से विफल रही है। महिला कांग्रेस लगातार केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ आवाज उठाती रही है और महिलाओं के मुद्दों सहित जनता के ज्वलंत मुद्दों पर आवाज उठाती रहेगी। सव्वालाखे ने यह भी कहा कि आगामी चुनाव में महिलाएं बड़ी संख्या में प्रचार करेंगी और कांग्रेस को जिताने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक देंगी।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Jun 26 , 2023, 09:41 AM