खर्च 8 करोड़ से बढ़कर पांच हजार करोड़ रुपए पहुंचा
फडणवीस ने कहा, मेरे जन्म से पहले की परियोजना
मुंबई। महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में स्थित निलवंडे बांध परियोजना (Nilwande Dam Project) को पूरा होने में 53 साल का लंबा वक्त लगा। बुधवार को राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) की उपस्थिति में बांध परियोजना की बाईं नहर से पानी छोड़ने का परीक्षण किया। यह परियोजना वर्ष 1970 में पेश की गई थी, तब इसकी अनुमानित लागत तकरीबन 8 करोड़ रुपए थी, लेकिन इसके निर्माण कार्य पर पांच हजार करोड़ रुपए से अधिक खर्च हुए। इस बांध से 68 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई हो सकेगी और 125 गांवों को पीने का पानी मिल सकेगा।
बुधवार को अहमदनगर व नाशिक जिले के सूखा प्रभावित इलाकों में राहत पहुंचाने वाले निलवंडे बांध से पानी छोड़ने का परीक्षण मुख्यमंत्री शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों निब्रल में किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री-उपमुख्यमंत्री ने जलपूजन कर निलवंडे बांध की बाईं नहर से पानी छोड़ने का परीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि निलवंडे बाध से लाभ क्षेत्र के किसानों के लिए आज खुशी का और ऐतिहासिक दिन है। निलंवडे बांध की नहर के काम के बाकी बचे काम के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बांध के कारण विस्थापित हुए किसान मुआवजे से वंचित नहीं रहेंगे।
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने कहा कि यह परियोजना मेरे जन्म से पहले की है। आठ करोड़ रुपए की यह परियोजना पांच हजार 177 करोड़ रुपए से अधिक की हो गई। पहली बार वर्ष 1995 में महाराष्ट्र में युति सरकार बनने के बाद इस परियोजना में गति आई। इसके बाद वर्ष 2003 से 2017 के बीच परियोजना को संशोधित मान्यता नहीं मिली और इसका काम रूक गया। 2017 में संशोधित परियोजना के लिए ढाई हजार करोड़ की प्रशासकीय मान्यता प्रदान की गई। बांध की शुरुआत के 22 किलोमीटर क्षेत्र के स्थानीय किसान और आदिवासियों को विश्वास में लेकर काम को गति दी गई। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल के बजट में सर्वाधिक रकम निलवंडे बांध को दी गई। उन्होंने कहा कि बांध के दाहिनी तरफ की नहर का आम अगले दो माह में पूरा कर लिया जाएगा। राजस्व मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने कहा कि अकोले व आसपास के क्षेत्र के किसानों, आदिवासियों के लंबे संघर्ष के चलते आज निलंवडे बांध की नहर से पानी छोड़ा जा रहा है। आज के दिन सभी पुराने विवादों को निलवंडे बांध की नहर में डूबोकर जश्न मनाएं। अगले दो माह में दाहिनी नहर से पानी छोड़ा जाएगा। इस मौके पर सांसद सदाशिव लोखंडे, डॉ. सुजय विखे पाटिल, जलसंपदा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव दीपक कपूर आदि उपस्थित थे।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, May 31 , 2023, 07:45 AM