किसानों का लॉग मार्च स्‍थगित

Sat, Mar 18 , 2023, 06:41 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

 किसानों की 70 प्रतिशत मांग मंजूर, अन्य मांगों पर विचार
मुंबई।
अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नाशिक से मुंबई विधान भवन तक पैदल मार्च पर निकले किसान और आदिवासियों का मार्च स्थगित कर दिया गया है। इस बात की जानकारी पूर्व विधायक और किसान नेता जीवा पांडु गावित (jeeva pandu gavit) ने दी। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ हमारे प्रतिनिधिमंडल की बातचीत सकारात्मक रही।  हमारी 70 प्रतिशत मांगों को सरकार ने मंजूर कर लिया है। बाकी की मांगों पर विचार किया जा रहा है। बैठक में जो निर्णय हुआ, उसकी प्रति ठाणे जिला अधिकारी ने हमें सौंप दी है।  मांगें मंजूर होने से किसान संतुष्ट हैं, जिन मांगों पर विचार किया जा रहा है, वे भी अगले कुछ दिनों में पूरी होगी। वहीं मोर्चा में शामिल एक 58 वर्षीय किसान पुंडलिक अंबो जाधव (Pundalik Ambo Jadhav) की मौत हो गई। मृतक किसान के परिवार को मुख्यमंत्री सहायता कोष से 5 लाख रुपए की राहत देने का ऐलान किया गया है।
भारतीय किसान सभा के नेतृत्व में हजारों किसान और आदिवासी पिछले रविवार को मुंबई से लगभग 200 किलोमीटर दूर नाशिक जिले के डिंडोरी शहर से मुंबई की पदयात्रा पर निकले थे। उनकी मांगों में प्याज की खेती करने वाले किसानों को तत्काल 600 रुपए प्रति क्विंटल की वित्तीय राहत देना, 12 घंटे तक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना और कृषि कर्ज माफ करना शामिल है। किसानों और आदिवासियों के ठाणे जिले के वाशिंद में डेरा डाला था। वहां उनसे मुलाकात के लिए मंत्री दादा भुसे और अतुल सावे ने पहुंचे थे। मंत्रियों के अनुरोध पर गुरुवार को किसानों के प्रतिनिधियों ने विधान भवन पहुंचकर सरकार से बातचीत की थी। सरकार और किसान प्रतिनिधियों की बातचीत सकारात्मक रही। हालांकि किसान नेताओं ने विधानमंडल में सरकार की तरफ से निवेदन पेश करने और मांगों पर लिखित रूप से मंजूर करने की मांग रखी थी।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को विधानसभा में चर्चा के दौरान सदन को सूचित किया था कि उन्होंने एक किसान प्रतिनिधिमंडल से 14 सूत्रीय मांग पर चर्चा की है, जिनमें वन पर अधिकार, वन भूमि पर अतिक्रमण, मंदिर न्यासों और चारागाह की जमीन किसानों को हस्तांतरित करने की मांग शामिल है। किसानों से विरोध-प्रदर्शन रोकने की अपील करते हुए शिंदे ने कहा कि लिए गए फैसलों को तत्काल लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेमौसमी बारिश और कम कीमत की वजह से नुकसान का सामना कर रहे प्याज उत्पादकों को प्रति क्विंटल 350 रुपए की दर से वित्तीय राहत दी जाएगी।    
मार्च में शामिल किसान की मौत
किसानों के लॉग मार्च में शामिल नाशिक जिले के डिंडोरी के किसान पुंडलिक अंबो जाधव की मौत हो गई। जाधव को बेचैनी की शिकायत के बाद शुक्रवार दोपहर शाहपुर के एक अस्पताल ले जाया गया था। उनके बेहतर महसूस होने पर वे वाशिंद लौट आए। शुक्रवार रात करीब आठ बजे भोजन करने के बाद जाधव को उल्टी हुई और फिर बेचैनी होने लगी। उन्हें शाहपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।  वाशिंद थाने के प्रभारी ने कहा कि आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है और जाधव के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups