मुंबई। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) को 50वें जन्मदिन पर खास तोहफा मिलने वाला है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम (Wankhede Stadium) में उनका स्टेच्यू लगाया जाएगा। सचिन के संन्यास के 10 साल बाद उन्हें यह खास सम्मान मिल रहा है। सचिन ने अपने करियर का आखिरी मैच इसी मैदान पर खेला था और यहीं उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी। सचिन के स्टेच्यू का अनावरण 23 अप्रैल को उनके 50वें जन्मदिन या इसी साल होने वाले वनडे विश्व कप के दौरान हो सकता है।
सचिन का स्टेच्यू (Sachin's statue) कहां लगाया जाएगा यह खुद सचिन ने ही तय किया है। इसके लिए वह पत्नी अंजली के साथ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पहुंचे। इस दौरान मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (Mumbai Cricket Association) के अध्यक्ष अमोल काले भी स्टेडियम में थे।
सचिन ने अपने स्टेच्यू को लेकर कहा कि यह उनके लिए सुखद तोहफा है। उन्हें इस बारे में कोई अंदाजा नहीं था और वह खुद स्टेच्यू की बात सुनकर हैरान हैं। सचिन ने बताया कि इसी मैदान पर उनका करियर शुरू हुआ और कई कभी न भूलने वाली यादें उन्हें मिलीं। उनके करियर का सबसे सुखद लम्हा साल 2011 में आया, जब टीम इंडिया ने विश्व कप अपने नाम किया। सचिन ने यह भी बताया कि उनके कोच रमाकांत आचरेकर (Ramakant Achrekar) ने इसी मैदान पर क्रिकेट के प्रति उनके अंदर अलग रुचि जगाई थी और वह इस खेल में अपना करियर बनाने के लिए तन मन से जुट गए थे। इसी वजह से यह मैदान उनके लिए खास है और यहां पर स्टेच्यू लगना बड़ी बात है।
वनाखेड़े में पहला स्टेच्यू
वानखेड़े के स्टेडियम में पहली बार किसी खिलाड़ी का स्टेच्यू लगाया जा रहा है। वनाखेड़े स्टेडियम में पहले से ही सचिन का नाम का एक स्टैंड है। भारत में खिलाड़ियों के ज्यादा स्टेच्यू नहीं हैं। भारत के पूर्व क्रिकेटर सीके नायडू के तीन स्टेच्यू अलग-अलग स्टेडियम में हैं। पहला स्टेच्यू विदर्भ क्रिकेट स्टेडियम में है, दूसरा आंध्र और तीसरा स्टेच्यू इंदौर के होल्कर स्टेडियम में है। हालांकि, कई खिलाड़ियों के वैक्स स्टेच्यू हैं और उनके नाम पर स्टैंड भी हैं। कई दिग्गज खिलाड़ियों के स्टेच्यू मैडम तुसाद म्यूजियम में भी हैं।
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्पिनर शेन वॉर्न का एक स्टेच्यू मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर हैं। वॉर्न ने इसका अनावरण 2011 में किया था। अब भारत के लिए 200 टेस्ट, 463 वनडे और एक टी20 खेलने वाले सचिन भी अपने स्टेच्यू का अनावरण करेंगे। सचिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा 100 शतक लगाने वाले खिलाड़ी हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा 34,357 रन भी उनके ही नाम हैं।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Feb 28 , 2023, 12:26 PM