0 हम घबराने वाले नहीं है: भास्कर जाधव
मुंबई। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) के नेतृत्व वाली शिवसेना ने महाराष्ट्र विधानमंडल के बजट सत्र के दौरान अपने सभी विधायकों को पूरे समय उपस्थित रहने का व्हिप जारी किया है। माना जा रहा है कि उद्धव ठाकरे गुट (Uddhav Thackeray faction) के विधायकों को घेरने के लिए ऐसा किया गया है। ठाकरे गुट के विधायक भास्कर जाधव (Bhaskar Jadhav) ने कहा कि व्हिप जारी करने से हम घबराने वाले नहीं हैं।
केंद्रीय चुनाव आयोग ने शिवसेना नाम और उसका चुनाव चिन्ह धनुष बाण शिंदे नेतृत्व वाले गुट को दे दिया। शिवसेना विवाद के बीच महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा था कि उन्हें निचले सदन में अलग पार्टी होने का दावा करने वाले किसी समूह का आवेदन नहीं मिला। नार्वेकर ने बताया था कि मुख्यमंत्री शिंदे के नेतृत्व में 55 शिवसेना विधायकों और उनके मुख्य सचेतक भरत गोगावले वाली पार्टी को ही मान्यता प्राप्त है। गोगावले ने रविवार को कहा था कि हमने शिवसेना के सभी विधायकों को बजट सत्र के दौरान पूरे समय उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी किया है। ऐसा न करने पर विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हालांकि सुप्रीम कोर्ट में शिंदे गुट ने मौखिक आश्वासन दिया था कि ठाकरे गुट के 15 विधायकों पर व्हिप जारी नहीं किया जाएगा।
भास्कर जाधव ने विधान भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उद्धव ठाकरे का मुख्यमंत्री पद चला गया, हमारे ऊपर झूठे मामले दर्ज किए गए, हमारी सुरक्षा हटाई गई, तब भी हम नहीं घबराए, अब व्हिप जारी करने की बात की जा रही है, लेकिन हम घबराने वाले नहीं है। जाधव ने सवाल उठाया कि उन्हें परिशिष्ट 10 का उल्लेख करने का अधिकार है? यह कानून तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल के दौरान दल बदल विरोधी कानून बनाया गया था, उसमें यह परिशिष्ट 10 को शामिल किया गया था कि जिन्हें पार्टी से बाहर जाना है, वे खुशी से बाहर जा सकते हैं, लेकिन उन्हें खुद की पार्टी बनानी होगी और मूल पार्टी पर उनका अधिकार नहीं होगी। पार्टी का चुनाव चिन्ह भी उनका नहीं रहेगा। वाजपेयी को ऐसी तोड़फोड़ और फूट मंजूर नहीं थी। अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि अगर कोई तोड़फोड़ की राजनीति कर सत्ता स्थापित कर रहा है, तो वे इस सत्ता में सहभागी नहीं होंगे। जाधव ने कहा कि सत्ताधारियों को आम जनता के मुद्दे और किसानों से कोई लेना-देना नहीं है।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Feb 27 , 2023, 08:32 AM