0 मराठी को अभिजात भाषा का दर्जा दिलाने के लिए पीएम से मिलेगा शिष्टमंडल
मुंबई। सोमवार को महाराष्ट्र विधानमंडल के बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल रमेश बैस (Ramesh Bais) के अभिभाषण से हुई। इसके पहले विपक्षी दलों के सदस्यों ने किसानों को खाद्यान्न का उचित मूल्य देने, कर्नाटक के साथ सीमा विवाद का समाधान और ऐतिहासिक शख्सियतों को सम्मान देने की मांग करते हुए विधान भवन की सीढ़ियों के पास एकत्रित होकर नारेबाजी की। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) सहित अन्य मंत्रियों ने विधान भवन पहुंचकर सबसे पहले छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अभिवादन किया।
कांग्रेस, राकांपा और ठाकरे गुट के विधायक सत्तारूढ़ एकनाथ शिंदे-भाजपा की सरकार के खिलाफ लगातार नारे लगा रहे थे। विधानसभा और विधान परिषद के कामकाज की शुरुआत वंदे मातरम् और महाराष्ट्र के राज्य गीत ''जय-जय महाराष्ट्र माझा'' से हुई। राकांपा विधायक छगन भुजबल ने विधानसभा में मराठी भाषा गौरव दिवस पर मराठी को अभिजात भाषा का दर्जा दिलाने की मांग की। इसके बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सदन को सूचित किया कि मराठी को अभिजात भाषा का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मराठी को अभिजात भाषा का दर्जा दिलाने के अनुरोध के साथ विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेगा। अधिकारियों के साथ उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और मैं प्रधानमंत्री से मुलाकात कर इस पर कार्रवाई की मांग करेंगे।
तालिका अध्यक्ष, तालिका सभापति घोषित
बजट सत्र के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने तालिका अध्यक्षों के नाम की घोषणा की। भाजपा के योगेश सागर, शिवसेना के संजय शिरसाट, राकांपा के सुनील भुसारा और कांग्रेस के सुभाष धोटे के नाम तालिका अध्यक्ष के रूप में घोषित किए। वहीं विधान परिषद में उपसभापति डॉ. नीलम गोरे ने निरंजन डावखरे, नरेंद्र दराडे, अनिकेत तटकरे, जयंत आजगावकर के नाम तालिका सभापति के रूप में घोषित किए।
अजित पवार की शिकायत
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजित पवार ने प्वाइंट ऑफ प्रोसीजर के जरिए मुद्दा उठाते हुए कहा कि विधानमंडल (Legislature) का कामकाज भारतीय संविधान, नियम, प्रथा और परंपरा के अनुसार चलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में कई प्रथा-परंपरा और नियमों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न आयुध का उपयोग कर सदस्यों की तरफ से पेश सूचनाओं को स्वीकृत-अस्वीकृत होने की सूचना सदस्यों को नहीं मिलती। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने उचित सुधार का आश्वासन दिया।
किसानों के सवालों पर मांगेंगे जवाब: पटोले
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और विधायक नाना पटोले ने विधान भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार से किसानों के सवालों का जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में किसानों की हालत बहुत खराब है और कपास, धान, अरहर, मक्का, प्याज और सोयाबीन उत्पादक किसानों बर्बाद हो गए हैं। कृषि उपज का मूल्य नहीं मिलने से किसान आर्थिक संकट में है। किसानों को सड़कों पर प्याज फेंकने का समय आ गया है।
चार माह के बेटे के साथ पहुंची विधायक
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की विधायक सरोज अहिरे ने सोमवार को उस समय लोगों का ध्यान खींचा, जब वह मुंबई में महाराष्ट्र विधानमंडल के बजट सत्र में हिस्सा लेने के लिए अपने चार महीने के बेटे को साथ लेकर सदन पहुंचीं। पिछले साल दिसंबर में नागपुर में विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के दौरान भी अहिरे अपने बेटे को साथ लेकर पहुंची थीं। विधान भवन के एक अधिकारी ने कहा कि विधान भवन में एक हिरकानी इकाई है, जिसका इस्तेमाल महिलाएं अपने शिशु को स्तनपान कराने के लिए कर सकती हैं। प्रावधान सभी कामकाजी महिलाओं के लिए है। हालांकि, अहिरे ने एक हिरकानी कक्ष में धूल मिट्टी होने की शिकायत की। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुझे उम्मीद है कि अधिकारी इन कक्षों की सफाई सुनिश्चित करेंगे। भाजपा के विधायक जयकुमार गोरे बजट सत्र में शामिल होने के लिए वॉकर के सहारे विधान भवन पहुंचे। वह दिसंबर 2022 में एक कार हादसे में घायल हो गए थे।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Feb 27 , 2023, 07:56 AM