० ठाकरे गुट के सांसद संजय राऊत का सनसनीखेज आरोप
० गृहमंत्री अमित शाह, फडणवीस और पुलिस को लिखा पत्र
० फडणवीस का सवाल, पत्र सुरक्षा या सनसनी के लिए लिखा?
मुंबई। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राऊत (Sanjay Raut) ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राज्य के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) और मुंबई तथा ठाणे के पुलिस आयुक्तों को पत्र लिखकर खुद की जान का खतरा बताया है। राऊत ने कहा कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे और सांसद श्रीकांत शिंदे (Shrikant Shinde) ने मुझे जान से मारने के लिए एक अपराधी राजा ठाकुर को सुपारी दी है। राऊत ने दावा किया कि मेरी यह जानकारी विश्वसनीय है और मेरा कर्तव्य है कि इस बात की जानकारी सरकार और प्रशासन को दी जाए। वहीं शिंदे गुट के एक विधायक ने इसे घटिया हथकंडा बताया। वहीं उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि संजय राऊत की सुरक्षा को लेकर गुप्तचर विभाग की कमेटी योग्य निर्णय करेगी। उन्होंने सवाल किया कि संजय राऊत ने यह पत्र सुरक्षा मांगने के लिए लिखा है या सिर्फ सनसनी पैदा करने के लिए लिखा है।
राऊत ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मंगलवार सुबह मुझे इस बात की जानकारी मिली। मुझे ही नहीं पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे को भी यह जानकारी मिली थी। शिंदे गुट के सांसद श्रीकांत शिंदे ने मुझे जान से मारने की सुपारी अभी हाल ही में जमानत पर छूटे अपराधी राजा ठाकुर को दी है। मेरी यह जानकारी विश्वसनीय है। मेरा कर्तव्य है कि सरकार-प्रशासन को यह जानकारी दी जाए। फिलहाल राज्य के शासक चुनाव और अन्य कामों में अटके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, विधायक प्रज्ञा सातव और जितेंद्र आव्हाड को जान से मारने की धमकी मिली है। सत्ता में बैठे एक गुट के सांसद और विधायक सरेआम धमकी दे रहे हैं। उन्हें टास्क दिया जा रहा है। राऊत ने कहा कि मैंने इस बात की जानकारी देश के गृह मंत्री अमित शाह और प्रदेश के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित मुंबई और ठाणे के पुलिस कमिश्नर को दे दी है। मैंने सुरक्षा की मांग नहीं है। उनकी पार्टी के सांसद और विधायक ही असुरक्षित हैं, जिन्हें हमारी पार्टी से फोड़ा गया, उन्हें विशेष सुरक्षा दी गई है, जबकि हमारी सुरक्षा वापस ले ली गई। हमने सुरक्षा की मांग नहीं की है, हम लाचार नहीं हैं। मुझे सुरक्षा नहीं दी गई तो भी चलेगा, मैं अकेला बाघ हूं। राऊत ने कहा कि सवाल यह है कि यह राज्य सुपारी बाज लोगों का है? जो लोग सरकार के खिलाफ बोलते हैं, उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
राऊत के पत्र से संबंधित एक सवाल पर आदित्य ठाकरे ने कहा कि शिकायत को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। दुर्भाग्य से इन गद्दार विधायकों (शिंदे खेमे से) पर बिल्कुल भी नियंत्रण नहीं है। मुंबई के माहिम इलाके में एक विधायक ने गोलीबारी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई । शिंदे के गुट के विधायक संजय शिरसाट ने कहा कि राऊत सहानुभूति हासिल करने के लिए घटिया हथकंडा अपना रहे हैं। इसमें कोई शक नहीं कि इस मामले की गहन जांच होनी चाहिए। हालांकि, यह मत भूलिए कि राउत बहुत सारे हथकंडे अपनाते रहते हैं, जिनमें कोई तथ्य नहीं होता है। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि श्रीकांत शिंदे ऐसा कभी नहीं करेंगे, फिर भी जांच शुरू की जा सकती है।
सुरक्षा को राजनीति से जोड़ना गलत: फडणवीस
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सवाल यह है कि संजय राऊत का पत्र सुरक्षा (Security) मांगने के लिए या केवल सनसनी पैदा करने के लिए है? सुरक्षा के विषय को राजनीति से जोड़ना गलत है। बिना किसी सबूत के इस तरह के आरोप लगाना गलत है। चाहे संजय राऊत हो या कोई अन्य, यदि वे खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं और उन्हें सुरक्षा की जरूरत है तो इस बारे में गुप्तचर विभाग की एक समिति कार्रवाई करती है। किसी को भी सुरक्षा देने का काम मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री नहीं करते। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद एक स्वतंत्र समिति बनाई गई है। इसके अध्यक्ष राज्य के मुख्य सचिव हैं। समिति आकलन कर यदि आवश्यक हुआ तो उन्हें सुरक्षा प्रदान करेगी। फडणवीस ने कहा कि संजय राऊत को प्रचार की लत लग गई है। वे रोज आरोप लगाते है। उन्होंने 2 हजार करोड़ के आरोप लगाए हैं, हालांकि उनके पास इसका एक भी सबूत नहीं है। अब तो हम उनके आरोपों का जवाब भी नहीं देते। उन्हें रोज आरोप लगाने से सहानुभूति नहीं मिलेगी। उनके खिलाफ भी लोग कार्रवाई की मांग करने लगे हैं।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Feb 21 , 2023, 07:47 AM