मुंबई में जीत के सारे रिकॉर्ड ब्रेक करेंगे: बावनकुले

Sun, Feb 12 , 2023, 08:12 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

0 मुंबई भाजपा की कार्यकारिणी की बैठक को किया संबोधित
मुंबई।
भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले (Chandrashekhar Bawankule) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विश्‍वव्‍यापी नेतृत्‍व और देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) जैसे रथ के सारथी और विधायक आशीष शेलार जैसे अर्जुन अपने पास हैं, ऐसे में लोकसभा, विधानसभा और मुंबई महानगरपालिका के चुनावों में भाजपा अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़कर जीत हासिल करेगी। वे मुंबई भाजपा कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
रविवार को दादर स्थित वसंत स्‍मृति में आयोजित मुंबई भाजपा कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुबह पहले सत्र का मार्गदर्शन भाजपा के राष्‍ट्रीय महासचिव विनोद तावडे ने किया। विधायक अतुल भातखलकर ने राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया। इसका विधायक अमित साटम ने समर्थन किया। मुंबई उपनगर के पालक मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने भी पार्टी पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया। बैठक में सांसद गोपाल शेट्टी, पूनम महाजन, मनोज कोटक सहित सभी विधायक और मुंबई के पदाधिकारी उपस्थित थे।
उद्धव बिना कलम वाले मुख्‍यमंत्री
बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए बावनकुले ने कहा कि महाराष्ट्र में अभी तक एकमात्र मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) रहे, जिनकी जेब में कलम नहीं होती थी। उन्होंने कभी भी किसी पत्र पर रिमॉर्क नहीं लिखा, ऐसे में उनसे तंग आकर 40 विधायक उन्हें छोड़कर चले गए। भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि पत्र पर उद्धव ठाकरे की लिखी टिप्पणी दिखाओ और 1000 रुपए पाओ। देवेंद्र फडणवीस का ऐसा नेतृत्‍व है जो प्रत्येक पत्र पर आदेश लिखकर प्रशासन को देते हैं। हमारे पास एक ऐसा नेतृत्व है, जो लोगों के लिए चौबीसों घंटे काम करता है। महाराष्ट्र के कोने-कोने में हजारों लोग आज भाजपा में शामिल होने को तैयार हैं। आपका इंतजार है। हम पार्टी में प्रवेश का बड़ा कार्यक्रम करेंगे। प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं को कम से कम 25 पार्टी प्रवेश का कार्यक्रम करना चाहिए। खासकर उद्धव ठाकरे की सेना के पदाधिकारी उनसे इतने तंग आ चुके हैं कि हमारी राह देख रहे हैं, इसलिए काम पर लग जाओ। प्रत्येक पदाधिकारी को 2000 घरों में जाने और 500 घरों धन्यवाद मोदी, 500 घरों में फ्रेंड्स ऑफ बीजेपी, 500 युवा वॉरियर्स के काम में लग जाना चाहिए। आने वाला समय हमारा है।
150 नगरसेवक, बीजेपी के महापौर का संकल्प: शेलार 
मुंबई भाजपा अध्‍यक्ष आशीष शेलार ने कहा कि हिंदुस्तान ने देखा कि एक अकेला सब पर भारी पड़ रहा है। राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने यह बात अधोरेखित की। उसी तरह मुंबई में भी एक मोदी सभी पर भारी पड़ेगा। यह विश्वास जताते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझदारी, सहनशक्ति से काम लेते हुए सेवा कार्य बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिवसेना (यूबीटी), राष्ट्रवादी, कांग्रेस, वंचित, माकपा, सपा जैसे सारे दल केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डर से एक साथ आ गए हैं। जब  शिवसेना, भाजपा के साथ थी, तब उनके वोटर और विधायक थे। भाजपा से गद्दारी करने पर उनके पास नेतृत्व, मतदाता और विधायक नहीं रह गए। आज वोट पाने के लिए उन्हें कटोरा लेकर घर-घर जाना पड़ रहा है। जब देश के गृह मंत्री अमित शाह मुंबई आए थे, उस वक्त बाळासाहेबांची शिवसेना सहित एनडीए ने मुंबई महानगरपालिका में 150 नगरसेवकों की जीत और भाजपा के महापौर का जो संकल्प लिया था, उसे हम सभी को पूरा करना है।
दीपा पाटिल भाजपा में शामिल
वार्ड क्रमांक 1 दहिसर स्थित शिवसेना (यूबीटी) महिला उपविभाग अध्‍यक्ष दीपा पाटिल सहित शाखा प्रमुख गणेश पाटिल व उनके समर्थकों ने बड़ी संख्या में भाजपा में प्रवेश किया। प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने उनका पार्टी में स्वागत किया।  

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups