0 उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की घोषणा
0 उच्च अधिकारी के नेतृत्व में बनेगा जांच दल
मुंबई। उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने शनिवार को कहा कि रत्नागिरी जिले के पत्रकार शशिकांत वारिसे (Shashikant Warise) की हत्या की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जाएगा। वारिसे (48) को गत छह फरवरी को कथित तौर पर एक वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिसके अगले दिन उनकी अस्पताल में मौत हो गई थी। आरोप है कि यह वाहन जमीन डीलर पंढरीनाथ अंबेरकर (Pandharinath Amberkar) चला रहा था। हत्या के आरोप में गिरफ्तार अंबेरकर इलाके में प्रस्तावित रिफाइनरी के लिए भूमि अधिग्रहण का विरोध करने वाले किसी भी व्यक्ति को कथित रूप से धमकाया करता था। अंबेरकर के खिलाफ वारिसे द्वारा लिखा गया एक लेख घटना की सुबह एक स्थानीय मराठी अखबार में प्रकाशित हुआ था। उक्त घटना मुंबई से लगभग 440 किलोमीटर दूर राजापुर में एक पेट्रोल पंप के पास हुई थी। फडणवीस के कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है कि राज्य में पुलिस प्रशासन को एसआईटी गठित करने का निर्देश दिया गया है। उप मुख्यमंत्री के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि एसआईटी का नेतृत्व एक उच्च पदस्थ अधिकारी करेंगे। मुंबई में पत्रकारों ने शुक्रवार को मंत्रालय के पास विरोध प्रदर्शन किया था और आरोपियों के खिलाफ सख्त महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (मकोका) लगाने के साथ-साथ एसआईटी के गठन की मांग की थी।
बिगड़ी कानून-व्यवस्था की स्थिति: पवार
इधर राकांपा के प्रमुख शरद पवार ने पत्रकार शशिकांत वारिसे की हत्या को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है, जबकि सत्ता में बैठे लोगों की गंभीरता संदेह के घेरे में है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले इसे कितनी गंभीरता से लेते हैं, इसमें संदेह है। राज्य की एकनाथ शिंदे नीत सरकार में गृह विभाग उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस के पास है। पवार ने कहा कि दो वंदे भारत ट्रेन और दो एलिवेटेड रोड की शुरुआत करने के लिए शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मुंबई का दौरा आगामी निकाय चुनावों के मद्देनजर था। उन्होंने हालांकि कहा कि अगर वह महाराष्ट्र को कुछ देते हैं, तो कोई समस्या नहीं है। पवार ने महा विकास आघाड़ी (एमवीए) में किसी तरह की अनबन होने से इनकार किया।
आरोपी को कानून के अनुसार मिलेगी सजा: शिंदे
कोल्हापुर में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने कहा कि पत्रकार शशिकांत वारिसे हत्या प्रकरण में किसी का भी समर्थन नहीं किया जाएगा। आरोपी को कानून के अनुसार सजा मिलेगी। शिंदे ने कहा कि पत्रकार जान हथेली पर लेकर काम करते हैं, ऐसे में उन पर हमला लोकतंत्र पर हमला है। वारिसे पर हमला करने वाले किसी भी व्यक्ति का समर्थन नहीं किया जाएगा। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर ठाकरे गुट के सांसद संजय राऊत ने पत्रकार हत्या प्रकरण को लेकर कई सवाल उपस्थित किए। मुख्यमंत्री ने राऊत के सवालों पर प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की। हालांकि उद्योग मंत्री उदय सामंत ने कहा कि संजय राऊत ने जो फोटो ट्वीट किया है, वह पुराना है। एक मंत्री के साथ कोई भी फोटो निकालता है, यह उसी तरह की तस्वीर है। सामंत ने कहा कि वारिसे हत्या प्रकरण में बदनाम करने वाली राजनीति शुरू है। आरोपी को कोई भी वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं दिया गया।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Feb 11 , 2023, 07:54 AM