मुख्यमंत्री बनने के बाद शिंदे का पहला जन्मदिन

Thu, Feb 09 , 2023, 06:56 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

० राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने दी शुभकामनाएं
० उपमुख्यमंत्री बधाई देने पहुंचे ठाणे आवास पर 
मुंबई।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने गुरुवार को अपना 59वां जन्मदिन मनाया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला जन्मदिन है। मुख्यमंत्री को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) सहित राज्य के कई नेताओं ने बधाई दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार सुबह शिंदे को फोन कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने 50 किलो का केक काटा।
राष्ट्रपति ने शिंदे के स्वस्थ, दीर्घ जीवन की कामना करते हुए कहा कि महाराष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए आज का  दिन आपको ताकत देगा। शिंदे ने राष्ट्रपति को शुभकामनाएं देने के लिए धन्यवाद दिया। इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए एकनाथ शिंदे को जन्मदिन की बधाई देते हुए आप बेहद परिश्रमी, जमीन से जुड़े नेता हैं, जो महाराष्ट्र के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। मैं आपके स्वास्थ्य और लंबे जीवन की कामना करता हूं।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री शिंदे के ठाणे स्थित आवास पर जाकर उन्हें शुभकामनाएं दी। ठाकरे गुट के सांसद संजय राऊत (Sanjay Raut) ने मुख्यमंत्री शिंदे को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि मैं उन्हें  एक सहकर्मी सहित एक व्यक्ति के रूप में बधाई देता हूं। वे मेरे राजनीतिक शत्रु हैं और शत्रु रहेंगे, लेकिन किसी व्यक्ति का जन्मदिन है तो उसे शुभकामनाएं देनी चाहिए। मुख्यमंत्री के ठाणे स्थित आवास पर उन्हें शुभकामनाएं देने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा थी। ठाणे में कई जगह मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को जन्‍मदिन पर शुभकामनाएं देने के लिए जगह-जगह बैनर-पोस्टर लगाए गए थे। उधर अमेरिका में रह रहे कुछ भारतीय युवकों ने टाइम्स ने टाइम्स स्क्वायर पर एकनाथ शिंदे को बधाई देने वाले पोस्टर लहराए। इस बैनर पर 'हैप्पी बर्थडे अनस्टॉपेबल सीएम... एकनाथ शिंदे साहेब' लिखा हुआ था। जन्मदिन के मौके पर शिंदे ने कोपरी जिले में रेलवे पटरियों के ऊपर रोड ओवरब्रिज (आरओबी) का  उद्घाटन किया। ठाणे शहर के किशन नगर में मुख्यमंत्री के पुराने सहयोगियों ने उनका जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर स्कूली छात्रों को कॉपियों का वितरण किया गया। किशन नगर इलाके से वर्ष 1990 में शिंदे ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups