0 पुणे की चिंचवड, कसबा पेठ सीटों पर उपचुनाव
0 पर्चा पत्र दाखिल करते वक्त भाजपा का शक्ति प्रदर्शन
मुंबई। पुणे की कसबा पेठ (Kasba Peth) और चिंचवड (Chinchwad) सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए सोमवार को भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। कसबा पेठ सीट पर भाजपा प्रत्याशी हेमंत रासने और कांग्रेस प्रत्याशी रविंद्र धंगेकर ने पर्चा दाखिल किया, वहीं चिंचवड सीट पर दिवंगत भाजपा विधायक लक्ष्मण जगताप की पत्नी अश्विनी जगताप (Ashwini Jagtap) ने उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।
भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन पत्र दाखिल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले (Chandrashekhar Bawankule) और उच्च और तकनीकी शिक्षा तथा पुणे जिले के पालक मंत्री चंद्रकांत दादा पाटिल उपस्थित थे। नामांकन पत्र दाखिल करने के पहले दोनों उम्मीदवारों सहित सभी उपस्थित लोगों ने श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति मंदिर जाकर भगवान गणेश के दर्शन किए। पर्चा दाखिल करने के पहले भाजपा और महायुति के कार्यकर्ताओं ने विशाल रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया।
वहीं कसबा पेठ से महाविकास आघाड़ी के प्रत्याशी रविंद्र धंगेकर के पर्चा दाखिल करते वक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले, पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, पूर्व मंत्री विश्वजीत कदम, राष्ट्रवादी शहर अध्यक्ष प्रशांत जगताप, मोहन जोशी के अलावा महाविकास आघाड़ी के कई नेता, कार्यकर्ता उपस्थित थे। पर्चा दाखिल करने के पहले सभी ने पुणे के ग्राम देवता कसबा गणपति के दर्शन किए। बता दें कि महाविकास आघाड़ी में हुए सीटों के बंटवारे में कसबा पेठ कांग्रेस के खाते में और चिंचवड सीट राकांपा के कोटे में गई है। हालांकि चिंचवड सीट पर शिवसेना ने भी दावा ठोंका था।
इस मौके पर नाना पटोले ने दावा किया कि कसबा पेठ और चिंचवड सीटों पर महाविकास आघाड़ी के प्रत्याशियों की जीत होगी। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण के एक सवाल के जवाब में कहा कि कोल्हापुर, देगलूर और पंढरपुर के उपचुनाव निर्विरोध कराने में भाजपा ने कोई पहल नहीं की थी। भाजपा की सुविधा का निर्माण नहीं किया जाएगा। उपचुनाव में कांग्रेस-राकांपा और शिवसेना मिलकर लड़ेगी।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को कहा कि उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार और कांग्रेस नेताओं से राज्य में राजनीतिक परंपरा का सम्मान करने का अनुरोध किया था जिससे मौजूदा विधायकों की मृत्यु के कारण खाली होने वाली सीट पर निर्विरोध उपचुनाव सुनिश्चित किया जा सके। विधायक मुक्ता तिलक और लक्ष्मण जगताप के निधन के कारण क्रमश: कसबा पेठ और चिंचवड विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था। ये दोनों भाजपा से थे। इन सीट पर 26 फरवरी को उपचुनाव होना है। नतीजे दो मार्च को घोषित किए जाएंगे।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Feb 06 , 2023, 06:55 AM