कौन कहां से लड़ेगा पर आज होगा फैसला
मुंबई। कसबा पेठ और चिंचवड सीटों के विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी उतारने को लेकर शुक्रवार को महाविकास आघाड़ी (Mahavikas Aghadi) की अहम बैठक हुई। इस बैठक में आघाड़ी के तीनों दलों कांग्रेस, राकांपा और शिवसेना ने दोनों सीटों को लेकर स्थिति की समीक्षा की। दोनों सीटों में कौन किस जगह से चुनाव मैदान में उतरेगा? इस बारे में शनिवार को घोषणा की जाएगी।
शुक्रवार को विधान परिषद की उपसभापति डॉ. नीलम गोरे के सरकारी आवास पर हुई महाविकास आघाड़ी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए राकांपा प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल (Jayant Patil) ने कहा कि तीनों दलों ने मिलकर कसबा पेठ और चिंचवड सीटों की समीक्षा की। हमारे बीच सकारात्मक चर्चा हुई। हम इस बारे में अपने घटक दल शेतकरी कामगार पार्टी (शेकाप), समाजवादी पार्टी सहित अन्य दलों से भी चर्चा करेंगे। शनिवार को वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर हम निर्णय लेंगे। पाटिल ने कहा कि विधान परिषद चुनाव में सभी घटक दलों ने प्रयास किया और स्नातक, शिक्षक सीटों पर हमारी भूमिका मान्य हुई है। हमारे सभी प्रत्याशी चुनाव जीत गए। हम सभी को विश्वास में लेकर शनिवार को फैसला लेंगे।
कोकण शिक्षक सीट पर महाविकास आघाड़ी प्रत्याशी बालाराम पाटिल की हार पर जयंत पाटिल ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं ने वहां अच्छा काम किया, लेकिन वहां चुनाव में धनशक्ति का इस्तेमाल हुआ। बालाराम पाटिल इस बारे में अधिक जानकारी दे सकते हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि महाविकास आघाड़ी मिलकर चुनाव लड़ेगी। कौन सी पार्टी किस सीट पर लड़ेंगी, इसका फैसला शनिवार को किया जाएगा।
बता दें कि कसबा पेठ की भाजपा विधायक मुक्ता तिलक और चिंचवड के भाजपा विधायक लक्ष्मण जगताप (Laxman Jagtap) के निधन से ये दोनों सीटें रिक्त हुई हैं। उपचुनाव के लिए 26 फरवरी को मतदान होगा। भाजपा दोनों सीटों पर निर्विरोध चुनाव कराने की कोशिश में लगी हुई है। राकांपा प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने कहा कि हमारे पास अभी तक भाजपा की तरफ से निर्विरोध चुनाव कराने का कोई प्रस्ताव नहीं आया है। उन्होंने कहा कि कोल्हापुर, देगलूर और पंढरपुर के उपचुनाव भी निर्विरोध नहीं हुए थे। मुंबई में भाजपा को मजबूरी में अपना उम्मीदवार वापस लेना पड़ा था।
पुणे में महायुति की बैठक
इस बीच शुक्रवार को पुणे के पालक मंत्री चंद्रकांत पाटिल की उपस्थिति में महायुति नेताओं की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विधानसभा उपचुनाव भाजपा, बाळासाहेबांची शिवसेना, रिपाई (आठवले गट), शिवसंग्राम, रासप, रयत क्रांति सहित महायुति के सभी घटक दलों ने पूरी ताकत से लड़ने का फैसला लिया। इस दौरान पाटिल ने कहा कि कसबा पेठ भाजपा का पारंपरिक विधानसभा क्षेत्र है। उपचुनाव निर्विरोध हो, यह हमारी भूमिका है, लेकिन हम किसी भ्रम में न रहते हुए पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे। उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम राष्ट्रीय चयन समिति तय करेगी। 6 फरवरी को दोनों सीटों पर महायुति के उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। कसबा पेठ सीट के उपचुनाव के लिए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीप खर्डेकर को समन्वयक नियुक्त किया है।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Feb 03 , 2023, 09:48 AM