० पांच सीटों में से 3 पर आघाड़ी, 1 पर भाजपा और 1 निर्दलीय की जीत
० 30 घंटे की मतगणना के बाद आया अमरावती स्नातक सीट का परिणाम
मुंबई। विधान परिषद की पांच सीटों के चुनाव परिणाम महाविकास आघाड़ी (Mahavikas Aghadi) के लिए उत्साहवर्धक तो भाजपा के लिए चिंता बढ़ाने वाले रहे। महाविकास आघाड़ी 5 में से 3 सीट जीतने में कामयाब रही, जबकि भाजपा 1 और 1 सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत हासिल की। आघाड़ी नागपुर-औरंगाबाद शिक्षक सीट और अमरावती स्नातक सीट जीतने में कामयाब रही, जबकि भाजपा कोकण शिक्षक सीट जीतने में सफल रही। नाशिक स्नातक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी सत्यजीत तांबे विजयी रहे। नागपुर, कोकण और औरंगाबाद शिक्षक सीटों के चुनाव परिणाम गुरुवार को ही मिल गए थे, लेकिन नाशिक स्नातक सीट का परिणाम गुरुवार देर रात घोषित हुआ। अमरावती स्नातक सीट पर तकरीबन 30 घंटे तक मतगणना चलती रही और आखिरकार यहां भी बड़ा उलटफेर देखने को मिला। इस सीट पर महाविकास आघाड़ी के प्रत्याशी धीरज लिंगाडे पाटिल ने भाजपा प्रत्याशी डॉ. रणजीत पाटिल को पराजित कर दिया। विधान परिषद चुनाव में पुरानी पेंशन को लागू करने का मुद्दा जमकर गूंजा, जिसका जवाब भाजपा के पास नहीं था, हालांकि चुनाव प्रचार के दौरान उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने इस योजना को लागू करने पर विचार करने का आश्वासन दिया था।
अमरावती सीट पर गुरुवार देर रात तक कड़ा मुकाबला जारी रहा। इस सीट पर महाविकास आघाड़ी प्रत्याशी धीरज लिंगाडे ने 2426 वोटों की निर्णायक बढ़त हासिल कर ली थी और यहां वोटों की गिनती लगभग पूरी हो चुकी थी, लेकिन भाजपा प्रत्याशी डॉ. रणजीत पाटिल ने अवैध वोटों पर आपत्ति जताते हुए उन्हें दोबारा गिनने की मांग की। जिसे स्वीकार कर लिया गया। यहां 8735 अवैध मत थे। इससे मतगणना में देरी हुई। लिंगाडे ने मतों का कोटा पूरा नहीं किया, फिर भी उन्हें ज्यादा मत मिलने पर विजयी घोषित किया गया। अमरावती सीट पर लिंगाडे को 46 हजार 344 वोट मिले, जबकि डॉ. रणजीत पाटिल को 42 हजार 962 वोट मिले।
अमरावती सीट पर पहले से डॉ. रणजीत पाटिल की जीत की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन वे अपनी सीट नहीं बचा पाए। इस सीट से डॉ. पाटिल दूसरी बार चुने गए थे। उन्हें उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का पसंदीदा व्यक्ति माना जाता है। फडणवीस ने मुख्यमंत्री रहते हुए डॉ. पाटिल को गृह राज्य और नगर विकास राज्य मंत्री बनाया था। फडणवीस की गैरमौजूदगी में डॉ. पाटिल दोनों सदनों में बखूबी सवालों के जवाब देते थे। अमरावती, नागपुर में भाजपा प्रत्याशियों की हार से भाजपा को करारा झटका लगा है।
कांग्रेस ने मनाया जश्न
विधानपरिषद चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस मुख्यालय तिलक भवन के सामने पटाखे फोड़कर जश्न मनाया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि प्रजा कौन और राजा कौन इसका उत्तर विधानपरिषद चुनाव में मिल गया है। विधानपरिषद चुनाव की पुनरावृत्ति विधानसभा और लोकसभा चुनाव में करेंगे। पटोले ने दावा किया कि राहुल गांधी की भारत जोडो यात्रा के सकारात्मक परिणाम इस चुनाव में देखने को मिले। उन्होंने कहा कि नाशिक में कांग्रेस के घर तोड़ने का पाप भाजपा ने किया। दूसरों के घर तोड़ने का काम करने वाली बीजेपी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि नाशिक को लेकर फैसला हाईकमान करेगा।
भाजपा ने उधार लिया प्रत्याशी: राऊत
उधर नई दिल्ली में विधान परिषद चुनावों को लेकर उद्धव ठाकरे गुट के सांसद संजय राऊत (Sanjay Raut) ने कहा कि भाजपा को सिर्फ एक सीट पर जीत मिली। एक प्रत्याशी उधार लिया हुआ है। कोकण की सीट शेकाप को दी गई थी, यदि यहां से शिवसेना मैदान में उतरती तो अलग चुनाव परिणाम देखने को मिलता। महाराष्ट्र के उच्च, मध्यवर्गीय, सुशिक्षित और स्नातक उम्मीदवारों ने भाजपा का पराजित किया है। भाजपा को नकार दिया, फेल कर दिया, ऐसे में कोई फालतू खुलासे न किए जाएं। राऊत ने कहा कि नाशिक में शुभांगी पाटिल जमकर लड़ी। हमें यकीन है कि सत्यजीत तांबे कांग्रेस के साथ रहेंगे।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Feb 03 , 2023, 06:49 AM