देशभक्ति नारों के साथ सांसद मनोज कोटक का शहीद परिवार गौरव समारोह संपन्न

Wed, Feb 01 , 2023, 07:09 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

मुंबई। ईशान्य मुंबई के बीजेपी सांसद मनोज कोटक (Manoj Kotak) के मार्गदर्शन में युवक प्रेरणा फाउंडेशन (Yuvak Prerna Foundation) द्वारा लगातार छठे वर्ष रविवार दि. २९ जनवरी, २०२३ के दिन मुंबई के मुलुंड (पश्चिम) स्थित कालिदास मैदान में शहीद परिवार गौरव समारोह २०२३ का आयोजन किया गया। जिसमें सभी उपस्थित लोग 'शहीद जवान अमर रहे', 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के बुलंद नारे लगाते हुए देशभक्ति के रंग में रंगे हुए नजर आ रहे थे। इस समारोह में भारत माता तथा दिल्ली में समर स्मारक (वॉर मेमोरियल) की विशाल प्रतिकृति, अमर जवान स्मारक, शहीद सैनिकों की तस्वीरों के साथ उनका संक्षिप्त परिचय के साथ इंडिया गेट दर्शाता हुआ एक भव्य मंच बनाया गया था। यहा पर गौरतलब है कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने हाल ही में भारत के २१ द्वीपों के नाम भारत के २१ परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर रखे है और शहीद परिवार गौरव समारोह २०२३ में इन सभी २१ परमवीर चक्र विजेताओं की जानकारी प्रदर्शित की गई थी जिसने समारोह में उपस्थित सभी लोगों का ध्यान आकर्षित किया था। इस समारोह में भारतीय सेना द्वारा उपयोग किए जाने वाले आधुनिक शस्त्रों की प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण रही। भारतीय सेना की असम रेजीमेंट के सहयोग से शस्त्रों की यह प्रदर्शनी रविवार, दिनांक २९ जनवरी, २०२३ को सुबह ९ से लेकर शाम ५ बजे तक युवक प्रेरणा फाउंडेशन और विझन स्मार्ट इंडिया द्वारा आयोजित की गई थी, जिसे सुबह से ही लोगों का अतुलनीय प्रतिसाद मिल रहा था। भारतीय सेना के शस्त्रों के इस प्रदर्शनी को देखने के लिए वरिष्ठ नागरिक और स्कूली बच्चों सहित हजारों की संख्या में नागरिक कालिदास के मैदान में आए थे। कालिदास के विशाल प्रांगण में आयोजित शहीद परिवार गौरव समारोह में इस वर्ष कारावाड़ी, जिला सातारा के शहीद सिपाही रोमित तानाजी चव्हाण, नंदनवन, जिला कोल्हापुर के शहीद सिपाही अविनाश अप्पा कागिनकर और दींडोरी, जिला नासिक के शहीद लांसनायक प्रसाद कैलाश क्षीरसागर के परिजनों को उपस्थित गणमान्य महानुभावों के हाथों शॉल, सम्मान पत्र एवं शहीद जवान का छायाचित्र भेंट कर पूरे मान व सम्मान के साथ सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रत्येक परिवार को डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। इस समारोह में राष्ट्रीय स्तर के कवि मध्य प्रदेश-देवास के शशिकांत यादव 'शशि', राजस्थान-भीलवाड़ा के दीपक पारिख, उत्तर प्रदेश-प्रतापगढ़ की कुमारी साक्षी तिवारी, उत्तर प्रदेश-कानपुर के हेमंत पाण्डेय और राजस्थान-कोटा के जगदीश सोलंकी ने शौर्यरस और वीररस की कविताओं के माध्यम से भारतीय सेना के गौरवगान किए। वहीं, किरण खोत और उनके साथियों ने महाराष्ट्र परंपरा के अनुसार भक्तिगीत और लोकगीत के एक विशेष प्रकार 'गोंधण' के माध्यम से शहीद जवानों की शहादत का वर्णन अनूठे अंदाज में किया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने सराहा। इस समारोह में मुंबई भाजपा अध्यक्ष विधायक एड.आशीष शेलार, पूर्व मंत्री प्रकाश मेहता, ईशान्य मुंबई जिलाध्यक्ष अशोक राय, मुंबई भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता बिरजू मुंडाडा, सामाजिक अग्रणी धीरज मानसत्ता और मुंबई मनपा के गणमान्य नगर सेवकों और नगर सेविकाओं के अलावा भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी, अन्य दलों के राजनीतिक नेता, भारतीय सेना के पूर्व सेनानी, विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी, विभिन्न भाषीय समाजों के अग्रणी, संस्थानों, ट्रस्टों, समाजों के पदाधिकारी, पत्रकार, शिक्षक सभी एक भारतीय नागरिक के रूप में उपस्थित थे।
मुंबई बीजेपी अध्यक्ष एड. आशीष शेलार ने सांसद मनोज कोटक के मार्गदर्शन में आयोजित शहीद परिवार गौरव समारोह के उद्देश्य की सराहना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि "जिसके पास जीवन है उसकी मृत्यु निश्चित है। लेकिन दूसरों के लिए अपनी जान देने का सौभाग्य सभी को नहीं मिलता है और इसीलिए देश के लिए शहीद होने वाले सैनिक को अमर कहा जाता है।" वहीं युवक प्रेरणा फाउंडेशन के प्रेरणा स्त्रोत सांसद मनोज कोटक ने अपने संबोधन में कहा कि ''इस समारोह के आयोजन का मुख्य उद्देश्य यह दिखाना है कि जिन परिवारों ने देश की रक्षा के लिए अपने संतानों का बलिदान दिया है वह परिवार अकेला नहीं हैं, पूरा देश इस परिवारों के साथ खड़ा है। क्योंकि देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाला शहीद जवान किसी एक परिवार का नहीं होता, वह हमारे परिवार का भी सदस्य बन जाता है।" अपने संबोधन के अंत में उन्होंने युवक प्रेरणा फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस शहीद परिवार गौरव समारोह को यशश्वी बनाने के लिए अपना योगदान देने वाले प्रत्येक व्यक्ति का आभार व्यक्त किया।
आभार प्रदर्शन बाद राष्ट्रगान के साथ शहीद परिवार गौरव समारोह २०२३ का समापन हुआ।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups