महाराष्ट्र की झांकी को दूसरा पुरस्कार

Mon, Jan 30 , 2023, 08:53 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

सांस्कृतिक कार्यमंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने किया अभिनंदन  
मुंबई।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ पर निकाली गई परेड में महाराष्ट्र की साढ़े तीन शक्तिपीठ (three and a half Shaktipeeths) और नारी शक्ति की थीम पर निकाली गई झांकी को दूसरा पुरस्कार मिला है। सांस्कृतिक कार्यमंत्री सुधीर मुनगंटीवार (Sudhir Mungantiwar) ने यह पुरस्कार महाराष्ट्र की समस्त महिला शक्ति को समर्पित किया है। इस साल की परेड में उत्तराखंड की झांकी पहले नंबर पर और उत्तर प्रदेश की झांकी को तीसरा पुरस्कार मिला है। पुरस्कारों का वितरण 31 जनवरी को नई दिल्ली में रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट करेंगे। महाराष्ट्र के सांस्कृतिक संचालक यह पुरस्कार स्वीकार (accept award) करेंगे।
हर साल गणतंत्र दिवस की परेड में विभिन्न राज्यों की संस्कृति का प्रदर्शन करने वाली झांकी निकाली जाती है। इस साल महाराष्ट्र राज्य की झांकी की थीम साढ़े तीन शक्तिपीठ और नारी शक्ति थी। साथ ही महाराष्ट्र की लोक कलाओं और मंदिर शैलियों की विरासत को दर्शाने का प्रयास किया गया है। इस झांकी को प्रभावशाली और आकर्षक ढंग से कर्तव्यपथ पर चलाया गया। कोल्हापुर की अंबाबाई, तुलजापुर की आई भवानी, माहूर की रेणुका माता और वणी की सप्तश्रृंगी माता की मनमोहक प्रतिकृतियां सबका ध्यान खींच रही थी। झांकी के साथ लोक कलाकारों ने नृत्य भी पेश किया। झांकी के लिए प्रसिद्ध कवयित्री, लेखिका व निवेदिका प्राची गडकरी ने चार अंतरे का गीत लिखा था। इनमें से तीन अंतरे लेकर कौशल इमानदार ने एक सुंदर गीत तैयार किया। जैसे ही सिद्धेश और नंदेश उम्प ने इस गीत को लोक कला शैली में गाया, यह गीत हिट हो गया।
इस झांकी की मूल संकल्पना सांस्कृतिक कार्यमंत्री सुधीर मुनगंटीवार की थी। इस संकल्पना का विस्तार प्रधान सचिव विकास खारगे के मार्गदर्शन में संचालक विभीषण चवरे ने किया। अभी तक 7 बार महाराष्ट्र की झांकी को पहला, 4 बार दूसरा और 2 बार तीसरा पुरस्कार मिला है। एक बार सर्वाधिक लोकप्रिय झांकी का पहला पुरस्कार भी मिला है। लगातार तीन साल तक सर्वोत्तम झांकी का पहला पुरस्कार जीतने का रिकॉर्ड भी राज्य के नाम है।
वर्ष 1970 से दिल्ली के राजपथ पर महाराष्ट्र की झांकी निकाली जा रही है। हालांकि हर साल कुछ राज्यों को झांकी पेश करने का अवसर नहीं मिलता। अभी तक 11 बार महाराष्ट्र की झांकी पेश नहीं हो सकी। इस बार भी झांकी निकालने की अनुमति नहीं मिली थी, लेकिन नागपुर अधिवेशन के दौरान सांस्कृतिक कार्य मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने सीधे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से फोन पर बातचीत कर इस साल झांकी पेश करने का अनुरोध किया।  इसका सकारात्मक जवाब देते हुए राजनाथ सिंह ने महाराष्ट्र को मौका देने का फैसला किया। इसके लिए मुनगंटीवार ने राजनाथ सिंह का आभार प्रकट किया।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups