नाशिक सीट पर भाजपा ने दिया सत्यजीत तांबे को समर्थन
मुंबई। विधान परिषद की दो स्नातक (नाशिक- अमरावती) और तीन शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों (नागपुर, कोकण और औरंगाबाद) के चुनाव के लिए सोमवार 30 जनवरी को मतदान होगा। मतों की गणना 2 फरवरी को होगी। उधर नाशिक स्नातक सीट पर भाजपा ने निर्दलीय प्रत्याशी सत्यजीत तांबे (Satyajeet Tambe) को समर्थन दिया है। राजस्व मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल (Radhakrishna Vikhe Patil) ने कहा कि स्थानीय कार्यकर्ता स्तर पर यह निर्णय लिया गया है। इस सीट पर सत्यजीत तांबे का मुकाबला महाविकास आघाड़ी समर्थित प्रत्याशी शुभांगी पाटिल से होगा।
नाशिक स्नातक सीट पर कांग्रेस ने डॉ सुधीर तांबे को प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन उन्होंने आखिरी समय तक नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया और अपने बेटे सत्यजीत तांबे से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा दाखिल करा दिया। इस वजह से पिता-पुत्र को कांग्रेस से निलंबित कर दिया गया। शुरू से ही सत्यजीत तांबे को भाजपा का समर्थन मिलने की उम्मीद थी। चुनाव के आखिरी लम्हों में उन्हें भाजपा का समर्थन मिल गया। मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने कहा कि स्थानीय स्तर पर हमारे सभी कार्यकर्ताओं ने सत्यजीत तांबे के पक्ष में मतदान करने का निर्णय लिया है। यह फैसला कार्यकर्ता स्तर पर लिया गया है। सत्यजीत तांबे युवा है, ऐसे में उन्हें अवसर मिलना चाहिए। विखे पाटिल ने कहा कि सत्यजीत तांबे के पक्ष में मतदान करने की अपील की जा रही है।
बता दें कि नाशिक सीट पर कांग्रेस नेता सुधीर तांबे और उनके बेटे सत्यजीत तांबे के बागी बनने के बाद महाविकास आघाड़ी ने शिवसेना समर्थित उम्मीदवार शुभांगी पाटिल को समर्थन दिया है। वहीं नागपुर में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार सुधाकर आडबेल को महाविकास आघाड़ी ने समर्थन दिया है। नाशिक के अलावा कोकण शिक्षक सीट पर भाजपा की तरफ से ज्ञानेश्वर म्हात्रे, महाविकास आघाडी के प्रत्याशी बालाराम पाटिल और शिक्षक भारती के धनाजी पाटिल के बीच मुकाबला है। इस सीट पर कुल 8 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। अमरावती स्नातक सीट पर भाजपा के उम्मीदवार डॉ रणजीत पाटिल और महाविकास आघाड़ी उम्मीदवार धीरज लिंगाडे के बीच कड़ा मुकाबला होगा। यहां चुनाव मैदान में 23 उम्मीदवार हैं। औरंगाबाद शिक्षक सीट पर मुकाबला राकांपा प्रत्याशी विक्रम काले और भाजपा उम्मीदवार किरण पाटिल के बीच है। यहां 14 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। नागपुर शिक्षक सीट पर भाजपा ने महाराष्ट्र राज्य शिक्षक परिषद के उम्मीदवार नागो गाणार को समर्थन दिया है। वहीं सुधाकर आडबेल को महाविकास आघाड़ी का समर्थन मिला है।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Jan 29 , 2023, 06:15 AM