मेट्रो 2ए और मेट्रो 7 को अच्छा प्रतिसाद 

Sat, Jan 28 , 2023, 09:55 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

अब तक 10 लाख यात्रियों ने किया सफर 
मुंबई।
दहिसर-अंधेरी पश्चिम मेट्रो 2ए और ‘दहिसर-गुंदावली मेट्रो 7’ (Dahisar-Gundavali Metro 7) मार्ग को मुंबईकरों द्वारा अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। हाल ही में इस मार्ग के दूसरे चरण का उद्घाटन किया गया। उसके बाद एक हफ्ते के अंदर इन रूटों पर 10 लाख यात्रियों ने सफर किया। इन मार्गों के पहले चरण के सेवा में आने के बाद से दोनों मार्ग पूरी क्षमता से चलने लगे हैं और 2 अप्रैल 2022 से 27 जनवरी 2023 की अवधि के दौरान इन मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या एक करोड़ को पार कर गई है। इन रूटों से अब तक एक करोड़ तीन हजार 270 यात्री सफर कर चुके हैं। मेट्रो परियोजना में इसे अहम चरण माना जा रहा है। मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MMRDA) की 337 किलोमीटर लंबी मेट्रो परियोजना का लगभग 45 किलोमीटर मुंबई में पूरा हो चुका है। ‘घाटकोपर-वर्सोवा मेट्रो 1’ के बाद अब ‘मेट्रो 2ए’ और ‘मेट्रो 7’ पूरी क्षमता से चलने लगी हैं। वर्तमान में मुंबई में तीन मेट्रो लाइनें सेवा में हैं और ये तीन लाइनें सीधे एक दूसरे से जुड़ी हुई हैं। इसलिए मेट्रो को लेकर रिस्पांस बढ़ रहा है। महानगर आयुक्त एसवी. आर. श्रीनिवास ने बताया कि इन दोनों मार्गों पर दो अप्रैल 2022 से 27 जनवरी 2023 तक एक करोड़ तीन हजार 270 यात्रियों ने यात्रा की। उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि मुंबईकर मेट्रो की ओर रुख कर रहे हैं। इस बीच, इन दोनों मेट्रो लाइनों पर 22 मेट्रो ट्रेनें चल रही हैं और ये हर दिन 225 फेरे लगा रही हैं। मेट्रो के साथ-साथ एमएमआरडीए के ‘मुंबई 1’ कार्ड और ऐप को मुंबईकरों की तरजीह मिलनी शुरू हो गई है। श्रीनिवास ने कहा कि एक हफ्ते के भीतर 20 हजार कार्ड बिक चुके हैं और 75 हजार 739 लोग ‘मुंबई 1’ ऐप का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह ऐप ई-टिकट आसानी से उपलब्ध कराता है। कार्ड ने मेट्रो और बेस्ट बस से यात्रा करना संभव बना दिया है। इसलिए कार्ड की प्रतिक्रिया बढ़ रही है। इस कार्ड से किसी भी तरह की खरीदारी की जा सकती है। इस कार्ड के यूजर्स को सोमवार से शुक्रवार तक वैलिड 5 फीसदी डिस्काउंट और शनिवार-रविवार, पब्लिक हॉलिडे (public holiday) पर 10 फीसदी डिस्काउंट मिल रहा है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups