Jagan Reddy condemns arrest : जगन रेड्डी ने मिधुन रेड्डी की गिरफ्तारी की निंदा की!

Mon, Jul 21 , 2025, 08:33 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

विजयवाड़ा: वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) अध्यक्ष एवं आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने पार्टी सांसद पीवी मिधुन रेड्डी की गिरफ्तारी की निंदा की है। जगनमोहन ने रविवार को यहां अपने बयान में कहा “मैं वाईएसआरसीपी सांसद पीवी मिधुन रेड्डी की अवैध गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करता हूं। यह जनता के साथ खड़े लोगों को चुप कराने के लिए रची गयी राजनीतिक साजिश के अलावा और कुछ नहीं है। तीन बार निर्वाचित हुए सांसद को जबरन स्वीकारोक्ति के जरिए फंसाया गया है। यह तेलुगू देशम पार्टी सरकार की अपने घोटालों और विफलताओं को छिपाने के लिए राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई है।”

उन्होंने कहा कि कथित शराब घोटाला एक मनगढ़ंत कहानी के अलावा और कुछ नहीं है, जो पूरी तरह से मीडिया में तमाशा दिखाने तथा वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए गढ़ी गयी है। पूरा मामला दबाव, धमकियों, थर्ड-डिग्री टॉर्चर और रिश्वत तथा प्रलोभन के ज़रिए दिए गए बयानों पर आधारित है। उन्होंने कहा “मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू का 2014-19 के दौरान शराब नीति से जुड़े एक मामले में खुद जमानत पर होना इस बात का अकाट्य प्रमाण है कि वह इतना नीचे क्यों गिर रहे हैं। 

वह 2014-19 के दौरान किए गए अपने कृत्यों के मामले को रद्द करना चाहते हैं और साथ ही 2024-29 के लिए अपनी नीति को सही ठहराना चाहते हैं। इस तरह वह वाईएसआरसीपी सरकार की बनायी गयी नीति में खामियां ढूंढ रहे हैं।” पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद श्री नायडू ने अपने और अपने करीबी सहयोगियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के गंभीर मामलों की जांच रोक दी है। उन्होंने कहा कि ध्यान भटकाने और जवाबदेही से बचने के लिए नायडू ने वाईएसआरसीपी नेताओं को निशाना बनाकर राजनीति से प्रेरित शराब का मामला गढ़ने की साजिश रची है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups