कोयंबटूर (तमिलनाडु)/नई दिल्ली: देश में कपास का उत्पादन-उत्पादकता बढ़ाने के लिए तमिलनाडु के कोयंबटूर में कल केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में महामंथन हुआ। इसमें 'एक राष्ट्र- एक कृषि- एक टीम' के रूप में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा सहित केंद्रीय कृषि, वस्त्र व अन्य सम्बद्ध मंत्रालयों, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) एवं राज्यों के अफसरों के साथ ही कपास उत्पादक किसान, वैज्ञानिक, उद्यमी आदि शामिल हुए, जिन्होंने कपास के विकास के लिए मिलकर रोडमैप बनाने के लिए दिनभर गहन विचार-विमर्श किया। किसानों ने अपने अनुभव व चुनौतियों को साझा किया, वहीं अच्छे बीज व उन्नत तकनीक की आवश्यकता बताईं।
यह आयोजन कोयंबटूर में आईसीएआर के गन्ना प्रजनन संस्थान में किया गया। इसमें कपास उत्पादन व उत्पादकता बढ़ाने के साथ ही लागत घटाने, अच्छी क्वालिटी की पैदावार, उन्नत बीज किस्मों के विकास समेत विभिन्न चुनौतियों व आगे की संभावनाओं पर चर्चा के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा- जिंदगी की ज़रूरत सबसे बड़ी रोटी के बाद कपड़ा है। जैसे रोटी के बिना नहीं रह सकते, वैसे ही कपड़ों के बिना भी नहीं रह सकते और कपड़ा बनता है कपास से, कपास पैदा करते हैं किसान। वैसे भी भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है किसान, कृषि व किसान उसकी आत्मा, किसानों की सेवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हमारे लिए भगवान की पूजा है।
केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि हम सब मिल-जुलकर कपास मिशन पर आगे मजबूती से काम करेंगे, इस निश्चय के साथ कि हमारा कपास दुनिया में सबसे अच्छा होगा, भरपूर होगा और आने वाले वर्षों में कपास हमें बाहर से मंगवाना नहीं पड़ेगा। हम कॉटन का एक्सपोर्ट करके भी दिखाएंगे, ये संकल्प है आज की बैठक का। सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में गौरवशाली, वैभवशाली, संपन्न, समृद्ध, शक्तिशाली व विकसित भारत का निर्माण हो रहा है और विकसित भारत में कपास बाहर से क्यों मंगाना पड़े, हम अपनी जगह का कपास अच्छी क्वालिटी का खुद पैदा करें, ये चैलेंज है तो मिलकर हम सब लोग काम करेंगे।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Jul 12 , 2025, 07:21 AM