भीलवाड़ा: राजस्थान में भीलवाड़ा जिले (Bhilwara district in Rajasthan) के जहाजपुर थाना क्षेत्र (Jahazpur police station area) में शुक्रवार रात एक कार के आलू-प्याज के ठेले से टकराने से हुए विवाद में कार में सवार एक युवक की मौत होने से क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया। जहाजपुर के पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र पारीक ने बताया कि टोंक जिले के चार युवक कार से बीसलपुर होते हुये जहाजपुर पहुंचे। ये लोग कार से भंवरकला गेट विद्यालय क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी वहां खड़े आलू-प्याज के ठेले से कार टकरा गयी। इसे लेकर आलू-प्याज विक्रेता एवं कार में सवार लोगों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर धक्का मुक्की में कार में सवार सीताराम कीर (25) घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गयी।
यह खबर कस्बे में आग की तरह फैल गई। बड़ी संख्या में लोग जहाजपुर अस्पताल में जुट गये। स्थिति उग्र होती देख शाहपुरा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गये। बाद पुलिस अधीक्षक धमेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने अन्य थानों से पुलिस बल बुलवा लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस घटनास्थल के आस-पास लगे सीसी टीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने आलू- प्याज विक्रेता को हिरासत में ले लिया है। कस्बे में चप्पे-चप्पे पर पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया है। फिलहाल जहाजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शवगृह के बाहर भीड़ जुटी है। इसके चलते पोस्टमार्टम नहीं हो पा रहा है। वहां चारों ओर पुलिस बल तैनात है। अधिकारी स्थिति पर निगाह रखे हुये हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में, लेकिन तनावपूर्ण बताई जा रही है।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Jul 05 , 2025, 11:57 AM