BJP AAP Fake Voters: अधिकारियों पर दवाब डालकर एक समुदाय विशेष के लोगों को फर्जी मतदाता बनवा रहे हैं आप विधायकः भाजपा

Sat, Dec 28 , 2024, 07:54 PM

Source : Uni India

नयी दिल्ली। दिल्ली भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) ने आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) पर अधिकारियों पर दबाव डालकर एक समुदाय विशेष के लोगों का फर्जी मतदाता पहचान पत्र बनवाने का आरोप लगाया है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा (president Virendra Sachdeva) ने शनिवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर और दिल्ली सरकार पर हमला बोलते हुये कहा कि चुनाव जीतने के लिये एक तरफ दिल्ली सरकार फर्जी योजनाओं का जोरशोर से प्रचार कर रही है, वहीं दूसरी ओर एक समुदाय विशेष के लोगों को फर्जी आधार कार्ड से मतदाता बनवा रही है।

इस दौरान कुछ मकान मालिकों को मीडिया के सामने लाया गया, जिन्होंने बताया कि उनके घर के पते पर फर्जी मतदाता बनवा दिया गया है। इस दौरान बताया गया कि जिस घर में पांच सदस्य हैं, उस घर के पते पर 60 तक एक समुदाय विशेष के लोगों को फर्जी मतदाता बना दिया गया है।

श्री सचदेवा ने कहा कि चुनाव जीतने के लिये श्री केजरीवाल अपने विधायकों के साथ मिलकर पिछले 10 सालों में फर्जी मतदाताओं का खेल खेल रहे हैं। उन्होंने बताया कि 2014 लोकसभा चुनाव में यहां मतदाताओं की संख्या लगभग 1,19,00,000 थी, जो 2015 विधानसभा चुनाव के दौरान बढ़कर 1,33,00,000 हो गयी थी, यानी सिर्फ़ आठ महीने में 14 लाख मतदाता बढ़ गये। इसके बाद अगले चार सालों में यानी 2019 लोकसभा चुनाव में छह लाख वोट बढ़े और कुल 1,39,00,000 हो गये। फिर 2020 विधानसभा चुनाव में यानी सिर्फ़ आठ महीने के अंदर मतदाताओं की संख्या 1, 48,00,000 के पार जा पहुंची यानी नौ लाख मतदाता और बढ़ गये।

उन्होंने कहा कि एक बार फिर से दिल्ली में वही खेल प्रदेश सरकार और आम आदमी पार्टी खेल रही है, लेकिन भाजपा उनके मंसूबे को पूरा होने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि वह चुनाव आयोग से मांग करते हैं, कि दिल्ली में नये मतदाता बनने की अर्जियों की पूरी जांच करें।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि शाहीन बाग थाना में प्रदेश चुनाव आयोग ने फर्जी मत बनवाने के ख़िलाफ़ प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि भाजपा बार-बार कह रही है कि वह लोग जो दिल्ली के मतदाता नहीं है, जिनकी मृत्यु हो गयी है, या जो लोग घर छोड़कर चले गये हैं, उनका नाम मतदाता सूची में क्यों है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में नक़ली दस्तावेज, नक़ली आधारकार्ड, नक़ली मतदाता पहचान पत्र बनाने का खेल चल रहा है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों को मतदाता बनवाया जा रहा है, वे 18 साल के नहीं, बल्कि उनकी उम्र 55 साल, 48 साल से लेकर 80 साल तक है। इस दौरान उन्होंने फर्जी मतदाताओं की सूची भी दिखाई।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups