भोपाल। मध्यप्रदेश में दो विधानसभा उपचुनावों के लिए आज संपन्न मतगणना में विजयपुर सीट पर कांग्रेस के मुकेश मल्होत्रा ने भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) प्रत्याशी रामनिवास रावत को सात हजार से अधिक और बुधनी में भाजपा प्रत्याशी रमाकांत भार्गव ने कांग्रेस के राजकुमार पटेल को 13 हजार से अधिक मतों से पराजित कर अपनी अपनी पार्टी का कब्जा बरकरार रखा।
निर्वाचन आयोग (Election Commission) की ओर से मुहैया करायी गयी जानकारी के अनुसार बुधनी में कुल 13 दौर की मतगणना में भाजपा प्रत्याशी श्री भार्गव ने 1,07,478 मत और निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के राजकुमार पटेल ने 93,577 वोट हासिल किए। श्री भार्गव ने 13,901 मतों से विजय दर्ज की। इस सीट पर लगभग एक वर्ष पहले विधानसभा चुनाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में एक लाख चार हजार से अधिक मतों से विजय हासिल की थी। बाद में वे सांसद चुने गए और विधायक पद से त्यागपत्र के कारण यहां पर उपचुनाव हुआ। सीहोर जिले के बुधनी में अपेक्षाकृत धीमी गति से मतों की गिनती हुयी।
वहीं श्योपुर जिले के विजयपुर में कांग्रेस के श्री मल्होत्रा ने भाजपा प्रत्याशी एवं वन मंत्री श्री रावत को 7364 मतों से शिकस्त दी। श्री रावत इसी वर्ष कांग्रेस से भाजपा में आए थे और उन्होंने विधायक पद से त्यागपत्र दिया था। इस वजह से विजयपुर में उपचुनाव कराया गया। श्री रावत चार दशक से कांग्रेस में थे, लेकिन भाजपा प्रत्याशी के तौर पर उन्हें विजयपुर में शिकस्त का सामना करना पड़ा। कुल 21 दौर की मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा को 1,00,469 और श्री रावत को 93,105 वोट मिले। श्री रावत को आने वाले समय में अब राज्य के वन मंत्री पद से भी त्यागपत्र देना पड़ सकता है। श्री रावत की पराजय से प्रदेश कांग्रेस के सभी बड़े नेता बेहद प्रसन्न नजर आए और प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने पटाखे चलाकर व मिष्ठान वितरण के जरिए अपनी खुशी का इजहार किया।
वहीं प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, (Chief Minister Dr. Mohan Yadav) प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और अन्य नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पूरे देश में भाजपा को चुनावों में मिली सफलता का “विजयोत्सव” मनाया। सभी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को इस जीत के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। इन दो उपचुनावों के बाद राज्य विधानसभा में सभी 230 सीट भर गयी हैं। सदन में सत्तारुढ़ दल भाजपा के 164 और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के 65 विधायक हैं। इसके अलावा एक सदस्य भारती आदिवासी पार्टी से है।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Nov 23 , 2024, 06:47 PM