मुंबई। उद्योगपति मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) की पेट्रोलियम समेत अलग-अलग क्षेत्रों में कारोबार करने वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज और चिप बनाने वाली अमेरिका की दिग्गज कंपनी एनवीडिया (giant Nvidia) ने भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (artificial intelligence) इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने के लिए आज साझेदारी करने की घोषणा की।
एनवीडिया के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेन्सन हुआंग ने गुरुवार को यहां जिओ वर्ल्ड सेंटर में एनवीडिया एआई सम्मेलन में श्री अंबानी के साथ बातचीत के दौरान इस साझेदारी की घोषणा करते हुए कहा, "अमेरिकी चिप निर्माता कंपनी और रिलायंस संयुक्त रूप से भारत में एआई बुनियादी ढांचे का निर्माण करने का प्रयास करेंगे। यह पूरी तरह से समझ में आता है कि भारत को अपना खुद का एआई बनाना चाहिए। आपको इंटेलिजेंस आयात करने के लिए डेटा निर्यात नहीं करना चाहिए। भारत को ब्रेड आयात करने के लिए आटा निर्यात नहीं करना चाहिए।"
श्री जेन्सन ने कहा, "आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का नेतृत्व करने के लिए आपके पास एआई मॉडल तकनीक होनी चाहिए, जो भारत के पास है। आपके पास डेटा होना चाहिए, बहुत ज़्यादा मात्रा में डेटा। आखिरी चीज़ जो आपको चाहिए वह है एआई इंफ्रास्ट्रक्चर और हम घोषणा कर रहे हैं कि रिलायंस और एनवीडिया भारत में एआई इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने के लिए साझेदारी कर रहे हैं।"
इस मौके पर श्री अंबानी ने कहा कि जियो अब दुनिया की सबसे बड़ी डेटा कंपनी बन चुकी है। एनवीडिया के संस्थापक और सीईओ जेन्सन हुआंग ने ऐलान किया कि रिलायंस और एनवीडिया मिलकर भारत में एआई इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर रहे हैं। यह साझेदारी भारत को एआई के क्षेत्र में एक अग्रणी देश बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी। उन्होंने कहा, "भारत के बड़े सपनों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न के चलते भारत आज डिजिटल क्रांति के नए युग में प्रवेश कर रहा है।"
श्री जेन्सन ने भारत को डीप टेक्नोलॉजी हब बनाने में श्री अंबानी के प्रयासों की सराहना और भारत के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र की क्षमता की प्रशंसा करते हुए कहा, “दुनिया में बहुत कम देश हैं जहां कंप्यूटर साइंस और आईटी के क्षेत्र में इतने सारे प्रशिक्षित लोग हैं। यह एक असाधारण समय है, जहां भारत के पास बड़ी संख्या में कंप्यूटर इंजीनियर और एक विशाल जनसंख्या है। मैं इस साझेदारी के लिए श्री अंबानी के साथ काम करने को लेकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं।"
अंबानी ने जेनसेंग से बातचीत में कहा, "हमें ये ध्यान रखना है कि न केवल आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस का फ़ायदा हर भारतीय तक पहुंचे बल्कि ये भी कि ये किफ़ायती दामों में उपलब्ध हो। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारे इसी फ़ोन और इसी कंप्यूटर पर लोगों को एआई मिल सके। इस नई तकनीक को लोगों तक आसानी से पहुँचाना हमारी ज़िम्मेदारी है और हमें मिलकर इसे पूरा करना होगा।"
उन्होंने कहा कि एआई एक ज्ञानक्रांति है, जिससे वैश्विक समृद्धि का रास्ता खुलता है। भारत में युवाओं की आबादी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व ने देश को डिजिटल समाज में परिवर्तित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है। भारत तेजी से दुनिया का इनोवेशन हब बनता जा रहा है और हमारे पास दुनिया में सबसे अच्छा डिजिटल कनेक्टिविटी इंफ्रास्ट्रक्चर है। उन्होंने कहा कि रिलायंस जियो विश्वस्तर पर सबसे बड़ी डेटा कंपनी है। यह 15 सेंट प्रति जीबी (गीगा बाइट) की कम लागत पर डेटा प्रदान करती है जबकि अमेरिका में यह पांच डॉलर प्रति जीबी है। उन्होंने कहा कि जैसा जियो ने डेटा में किया वैसी ही क्रांति अब आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में लाने की ज़रूरत है।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Oct 24 , 2024, 07:00 PM