उत्तर मुंबई की जनता चाहती है अपने बीच का आदमीः भूषण पाटिल

Mon, May 13 , 2024, 09:52 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

जनता बाहरी प्रत्याशी को चुनने के मूड में नहीं
 महानगर संवाददाता
मुंबई।
उत्तर मुंबई लोकसभा सीट से महाविकास आघाड़ी (Mahavikas Aghadi) कांग्रेस के प्रत्याशी भूषण पाटिल (Bhushan Patil) का दावा है कि स्‍थानीय होने के नाते उन्हें क्षेत्र में आम जनता का अच्छा जनसमर्थन मिल रहा है। वे कहते हैं कि मैं आम लोगों के बीच रहने वाला आदमी हूं और क्षेत्र की जनता ऐसे व्यक्ति को सांसद चुनना चाहती है, जो चुनाव जीतकर उनके बीच रहे। जनता बाहर से आए प्रत्याशी के पार्सल को बाहर भेजना चाहती है। भाजपा ने उत्तर मुंबई लोकसभा सीट पर वर्तमान सांसद गोपाल शेट्टी का टिकट काटकर पीयूष गोयल को उम्मीदवार बनाया है। 'हमारा महानगर' में सदिच्छा भेट देने आए भूषण पाटिल ने क्षेत्र की समस्याओं से लेकर चुनावी रणनीति पर सभी सवालों के जवाब दिए। अखबार के दफ्तर में उनका स्वागत संपादक अंतेश सिंह (Antesh Singh) ने किया।

क्षेत्र की समस्याओं से वाकिफ
स्थानीय होने के नाते भूषण पाटिल क्षेत्र की समस्याओं से अच्छी तरह वाकिफ हैं। वे कहते हैं कि विकास उनका पहला मुद्दा है। उत्तर मुंबई उपनगर का आखिरी हिस्सा है, यहां जैसा विकास होना चाहिए, वैसा नहीं हुआ। नई इमारत बनीं, इंफ्रास्ट्रक्चर बना, लेकिन आप दहिसर, बोरीवली, कांदिवली, मालाड स्टेशन के बाहर चले जाएं, आपको स्थिति समझ में आ जाएगी। स्टेशनों को मॉडल स्टेशन बनाने का काम नहीं हुआ। एक्सेलेटर लगा दिए गए, लेकिन आसपास की सड़कों को चौड़ा नहीं किया गया। बोरीवली के आसपास वाहन से जाने में आधे घंटे का समय लगता है, इससे लोग पैदल चलने में भलाई समझते हैं। फुटपाथ पर फेरीवाले बैठे हैं, उनका भी रोजी रोटी का सवाल है। फेरीवालों को हॉकर्स जोन में शिफ्ट किया जाना चाहिए था, लेकिन वह काम नहीं हुआ। केंद्र में मनमोहन सिंह की सरकार के वक्त फेरीवाला कानून लागू किया गया, लेकिन 10 साल बीत जाने के बावजूद उसका क्रियान्वयन नहीं हुआ।

पुनर्विकास बड़ा मुद्दा
भूषण पाटिल ने कहा कि क्षेत्र में पुनर्विकास बड़ा मुद्दा है। पूर्व में नेशनल पार्क है। केतकीपाडा, डेविड पाडा, दामू नगर में घरों की हालत जर्जर है। वहां डिफारेस्ट का मुद्दा है। दहिसर चेक नाका के पास सिविल एविएशन की जमीन है। आजू-बाजू का इलाका फनल जोन में आता है और इमारतों की लंबाई का रिस्ट्रिक्शन का मामला आ जाता है। इससे वहां हाई राइज इमारत नहीं बन पा रही है। कांदिवली में डिफेंस का डिपो है, जिसमें अनाज रखा जाता है। वहां डिफेंस का कानून लागू हो जाता है। इससे पुनर्विकास के काम में बाधा आती है। दहिसर चेक नाके को घोडबंदर ले जाने की बात की गई, लेकिन हुआ कुछ नहीं। पर्यावरण बड़ा मुद्दा है। गोराई में पानी की समस्या है।

भाजपा ने की तोड़फोड़ की राजनीति
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने महंगाई, भ्रष्टाचार कम करने का वादा नहीं निभाया। 10 साल में कोई भी अच्छा काम नहीं हुआ। देश की पब्लिक सेक्टर की कंपनियों को बेच दिया गया। एलआईसी को बेचा, एयर इंडिया को बेच दिया गया। 100 दिन में काला धन वापस लाने वाले थे, उसका क्या हुआ? लोगों को भावनाओं में बहाया गया। महाराष्ट्र में शिवसेना तोड़ी, राकांपा तोड़ी, चाचा-भतीजे का आपस में लड़ाया। इलेक्शन बांड के नाम पर सबसे बड़ा भ्रष्टाचार किया। अब इनकी ठोकशाही का जवाब देने के लिए जनता तैयार है।    
 
उद्धव ठाकरे के प्रति सहानुभूति
भाजपा ने जिस तरह शिवसेना को तोड़ा, उससे आम जनता में उद्धव ठाकरे के प्रति सहानुभूति नजर आ रही है। साथ ही कोविड काल के दौरान मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने जो शानदार काम किया, वह बात जनता को अभी भी याद है। कोविड काल में मजदूरों को भेजने के लिए 80 ट्रेन की मांग की थी, लेकिन तत्कालीन रेल मंत्री पीयूष गोयल ने 18 दिन के बाद केवल 25 ट्रेनें मुहैया कराई। ऐसे में मुझे लगता है कि उन्हें महाराष्ट्र से कुछ भी लेना-देना नहीं है। वे सिर्फ पिछले लोकसभा चुनाव में चार लाख वोट की लीड देखकर यहां आ गए हैं।
 
जनता से हमेशा संपर्क में रहा

भूषण पाटिल ने कहा कि वे कांग्रेस में रहते हुए हमेशा जनता के संपर्क में बने रहे। सभी स्‍थानीय लोग और कार्यकर्ता मुझे पहचानते हैं। जहां तक कि जैन समाज के कार्यक्रम में मुझे बुलाया गया। उनकी आंखों में आशा की किरण देखी। उनका कहना है कि सांसद के रूप में हमें अपना आदमी देखना है। मेरी पत्नी गुजराती जैन है। गुजरातियों के बीच पला-बढ़ा हूं, मुझे उनका भी समर्थन मिल रहा है। पाटिल ने दावा किया कि पीयूष गोयल से भाजपा के लोग ही नाराज हैं। उनके साथ कोई बड़ा नेता नजर नहीं आता। स्थानीय नेता भी उनके साथ दिख नहीं रहे हैं।
 
शिवसेना का पूरा सहयोग
उन्होंने कहा कि प्रचार के दौरान शिवसेना का पूरा सहयोग मिल रहा है। शिवसैनिकों में भाजपा प्रत्याशी के प्रति गुस्सा है। उनका कहना है कि बाहर के पार्सल को बाहर भेजना है। रैली में काफी लोग आ रहे हैं। लोगों का जोश खत्म नहीं हो रहा है और इससे मेरा उत्साह बढ़ता जा रहा है। शिवसेना के सभी नेता मेरे साथ प्रचार कर रहे हैं।
 
उत्तर भारतीयों के मिलेंगे वोट

भूषण पाटिल को उम्मीद है कि उन्हें उत्तर भारतीयों के वोट मिलेंगे, क्योंकि कांग्रेस ने हमेशा गरीबों के हित की बात कही है। उनका दावा है कि मनसे ने भले ही भाजपा को समर्थन देने की घोषणा की है, लेकिन वे भाजपा के साथ दिल से नहीं जुड़े हैं। संजय निरुपम के कांग्रेस छोड़ने का कुछ असर होगा, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि कोई असर नहीं होगा। वे जो कड़वी टिप्पणी कर रहे हैं, वह लोगों को पसंद नहीं आ रही है। वे जितना बोलेंगे, उसका मुझे वोट के रूप में फायदा होगा।  

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups