ईडी दफ्तर के बाहर एकत्रित हुए आप कार्यकर्ता
महानगर संवाददाता
मुंबई। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी (Arvind Kejriwal's arrest) के विरोध में महाराष्ट्र में कई स्थानों पर आंदोलन (Agitation) कर विरोध प्रदर्शन किया गया। मुंबई में गुरुवार देर रात से ही आप कार्यकर्ताओं ने ईडी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। आप नेताओं का कहना था कि उनके नेता को झूठे मामले में फंसाया गया है। लोकसभा चुनाव में संभावित हार को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। मुंबई के अलावा नाशिक, नागपुर, कोल्हापुर, सोलापुर सहित अन्य जगहों पर आंदोलन किए गए।
आप ने आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तार किए जाने के खिलाफ गुरुवार देर रात प्रदर्शन कर रहे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मुंबई पुलिस ने मारपीट की। आप की महाराष्ट्र इकाई की अध्यक्ष प्रीति शर्मा मेनन ने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की एवं मारपीट की गई और महिलाओं को रात में हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान आप के अनेक सदस्यों को पीटा गया और पुलिस अधिकारियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की। मेनन ने कहा कि आप के दस नेताओं को एमआरए मार्ग थाने में हिरासत में रखा गया और बाद में अदालत से उन सभी को छोड़ दिया गया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि पुलिस ने ऐसी बर्बरता की जिसकी कल्पना नहीं की जा सकती।
अपनी करतूतों के कारण हुए गिरफ्तार: हजारे
इधर केजरीवाल की गिरफ्तारी पर सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने कहा कि उन्होंने आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) नेता को इस तरह की नीति बनाने से बचने की सलाह देते हुए आगाह किया था। एक दशक पहले केजरीवाल के साथ देश में भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम का चेहरा बने हजारे ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री को उनकी करतूतों के कारण प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया है। हजारे ने कहा कि मैंने उनसे कहा था कि हमारा काम आबकारी नीति बनाने का नहीं है। छोटा बच्चा भी जानता है कि शराब खराब चीज है। मैंने उनसे इससे बचने को कहा था, लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी और नीति बनाई। हजारे ने कहा कि उन्होंने सोचा कि वह ज्यादा पैसा कमाएंगे और इसलिए नीति बनाई। मुझे दुख हुआ और मैंने दो बार उन्हें पत्र लिखा। मुझे दुख हुआ कि केजरीवाल जैसा व्यक्ति आबकारी नीति बना रहा है जिसने एक वक्त मेरे साथ काम किया था और अल्कोहल के खिलाफ आवाज उठाई थी। उन्होंने कहा कि अगर केजरीवाल ने कुछ नहीं किया होता तो उन्हें गिरफ्तार (Arrested) करने का कोई सवाल नहीं उठता। अब कानून अपना काम करेगा और सरकार जरूरी कार्रवाई करेगी।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Mar 22 , 2024, 08:05 AM