महानगर संवाददाता
मुंबई। मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के पूर्व आयुक्त इकबाल सिंह चहल (Iqbal Singh Chahal) को सीएमओ (मुख्यमंत्री कार्यालय) में नियुक्त किया गया है। उन्हें मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त बनाया गया है। वहीं मुंबई महापालिका के पूर्व अतिरिक्त आयुक्त (परियोजना) पी वेलारासू को सामाजिक न्याय और विशेष सहायता विभाग में सचिव नियुक्त किया गया है। कुछ दिनों पहले ही चुनाव आयोग के निर्देश पर इकबाल सिंह चहल को मुंबई मनपा आयुक्त पद से हटा दिया गया था और उनकी जगह पर भूषण गगरानी (Bhushan Gagrani) को आयुक्त बनाया गया, तभी से चहल अपनी नई नियुक्ति का इंतजार कर रहे थे।
चुनाव आयोग ने एक ही पद पर तीन साल से अधिक वर्षों से काम कर रहे अफसरों के तबादले करने का आदेश दिया था। हालांकि राज्य सरकार इकबाल सिंह चहल को हटाना नहीं चाहती थी। राज्य सरकार ने इस संबंध में चुनाव आयोग से अनुरोध भी किया था, लेकिन चुनाव आयोग ने सरकार की अपील को ठुकराते हुए मुख्य सचिव को निर्देश दिया था कि तीन साल से एक ही पद कार्यरत अधिकारियों का तबादला किया जाए। मुख्य सचिव ने मुंबई महानगरपालिका आयुक्त पद के लिए चुनाव आयोग को तीन अधिकारियों मुख्यमंत्री कार्यालय में अतिरिक्त मुख्य सचिव भूषण गगरानी, एमएमआरडीए आयुक्त संजय मुखर्जी और बेस्ट महाप्रबंधक अनिल डिग्गीकर के नाम सुझाए थे। इसके बाद चुनाव आयोग ने भूषण गगरानी के नाम पर मुहर लगा दी। भूषण गगरानी मुंबई मनपा आयुक्त बनने के पहले मुख्यमंत्री कार्यालय में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत थे। उनके पास नगर विकास, जल संपदा और मराठी भाषा विभाग की जिम्मेदारी थी।
कोरोना काल में इकबाल सिंह चहल (Iqbal Singh Chahal) को मुंबई मनपा का आयुक्त बनाया गया था। महाविकास आघाड़ी सरकार के दौरान भाजपा ने मुंबई महापालिका के ठेके सहित अन्य मुद्दों पर कई आरोप लगाए थे। हालांकि राज्य में शिंदे-फडणवीस सरकार बनने के बाद चहल ने आसानी से सत्ताधारी दल के साथ तालमेल बिठा लिया। अभी हॉल ही में शुरू कोस्टल रोड परियोजना में चहल ने उल्लेखनीय काम किया।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Mar 22 , 2024, 05:55 AM