चुनाव में नए मतदाता बनेंगे भाग्य विधाता, कुल मतदाताओं की संख्या में 34 लाख से अधिक का इजाफा

Wed, Mar 20 , 2024, 09:12 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

मुंबई। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) में बड़ी संख्या में नए मतदाताओं के नाम दर्ज किए गए हैं और वे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। महाराष्ट्र में 18-19 आयु समूह के नए मतदाताओं (voters) का प्रतिशत 1.27 प्रतिशत है, जबकि 20-29 आयु समूह का प्रतिशत 18.17 है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल नए मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान करने पर पूरा जोर लगाएंगे। चुनाव आयोग के तरफ से वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने की प्रक्रिया लगातार चलाई गई। इसका अच्छा प्रतिसाद भी देखने को मिला। वर्ष 2019 की तुलना में कुल मतदाताओं की संख्या में 34 लाख 93 हजार 661 का इजाफा हुआ है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 8,85,61,535 थी, इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 4,63,15,251, महिला मतदाताओं की संख्या 4,22,46,878 और तृतीयपंथी मतदाताओं की संख्या 2,406 थी। इस बार 18 मार्च 2024 को अपडेट वोटर लिस्ट के अनुसार मतदाताओं की कुल संख्या 9,20,55,196 हो गई है, इनमें  पुरुष मतदाताओं की संख्या 4,78,62,337, महिला मतदाताओं की संख्या 4,41,87,301 और तृतीयपंथी  मतदाताओं की संख्या 5 हजार 558 है।
हजार पुरुषों पर 923 महिला मतदाता
वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार प्रति एक हजार पुरुषों पर 929 महिलाएं (लिंग अनुपात) हैं। उसकी तुलना में वर्ष 2019 में मतदाता सूची में प्रति हजार पुरुषों पर महिलाओं का अनुपात 911 था। चुनाव आयोग ने महिला मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया और परिणामस्वरूप यह देखा गया कि 2024 में इस संख्या में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और यह संख्या 923 हो गई।
घर पर मतदान की सुविधा
अपडेट वोटर लिस्ट में 85 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों की संख्या 1313623 है। इच्छुक मतदाताओं को डाक मतपत्र के माध्यम से घर पर मतदान की सुविधा उपलब्ध होगी। मतदाता सूची के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार 52,769 मतदाता 100 वर्ष से अधिक आयु के हैं।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups