भूषण गगरानी मुंबई महापालिका के नए आयुक्त, सौरभ राव ठाणे, कैलाश शिंदे नवी मुंबई मनपा आयुक्त

Wed, Mar 20 , 2024, 07:34 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

मुंबई। चुनाव आयोग (election Commission) ने बुधवार को मुंबई महानगरपालिका (Mumbai Municipal Corporation) आयुक्त पद पर इकबाल सिंह चहल (Iqbal Singh Chahal) के स्थान पर भूषण गगरानी की नियुक्ति को मंजूरी प्रदान की। 1990 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी गगरानी को विभिन्न प्रमुख विभागों में काम करने का व्यापक अनुभव है। बुधवार को उन्होंने पदभार भी ग्रहण कर लिया। चुनाव आयोग ने सौरभ राव को ठाणे महापालिका का आयुक्त और कैलाश शिंदे को नवी मुंबई महापालिका का आयुक्त नियुक्त करने पर मुहर लगाई।
मुंबई मनपा आयुक्त बनने से पहले भूषण गगरानी मुख्यमंत्री कार्यालय में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत थे। उनके पास नगर विकास, जल संपदा और मराठी भाषा विभाग की जिम्मेदारी थी। उनके पास कई महत्वपूर्ण पदों पर काम करने का व्यापक अनुभव है। चुनाव आयोग ने एक ही पद पर तीन साल से अधिक वर्षों से काम कर रहे अफसरों के तबादले करने का आदेश दिया था। हालांकि राज्य सरकार इकबाल सिंह चहल को हटाना नहीं चाहती थी। राज्य सरकार ने इस संबंध में चुनाव आयोग से अनुरोध भी किया था, लेकिन चुनाव आयोग ने सरकार की अपील को ठुकराते हुए सोमवार को मुख्य सचिव को निर्देश दिया था कि तीन साल से एक ही पद कार्यरत अधिकारियों का तबादला करते हुए मंगलवार शाम 5 बजे तक इसकी जानकारी चुनाव आयोग को दी जाए। मुख्य सचिव ने कई अधिकारियों का तबादला किया और मुंबई महानगरपालिका आयुक्त पद के लिए चुनाव आयोग को तीन अधिकारियों मुख्यमंत्री कार्यालय में अतिरिक्त मुख्य सचिव भूषण गगरानी, एमएमआरडीए आयुक्त संजय मुखर्जी और बेस्ट महाप्रबंधक अनिल डिग्गीकर के नाम सुझाए थे। इसके बाद बुधवार को चुनाव आयोग ने भूषण गगरानी के नाम पर मुहर लगा दी।
संभाला पदभार
बुधवार शाम को तकरीबन पांच बजे नवनियुक्त मुंबई मनपा आयुक्त भूषण गगरानी ने मनपा मुख्यालय आकर अपना पदभार ग्रहण कर लिया। उन्हें इकबाल सिंह चहल ने पदभार सौंपा। गगरानी ने कहा कि वे डेढ़ साल पहले नगर विकास विभाग के सचिव रहते हुए मुंबई मनपा मुख्यालय आए थे। उस वक्त चहल ने कहा था कि आप ही अगले मनपा आयुक्त बनेंगे और मैं आपका स्वागत करुंगा। यह बात सच साबित हुई। गगरानी ने कहा कि वे इकबाल सिंह चहल के विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। इसके पहले मंगलवार को चुनाव आयोग के निर्देश पर मुंबई मनपा के दो आयुक्त पी वेलारासू और अश्विनी भिडे का तबादला कर दिया गया था। उनकी जगह पर अभिजीत बांगर और अमित सैनी को नियुक्त किया गया था।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups