Lok Sabha Elections : लोकसभा चुनाव में हर प्रत्याशी की खर्च सीमा 95 लाख

Sat, Mar 16 , 2024, 08:32 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

नामांकन पत्र भरते ही चुनाव खर्च की गणना होगी शुरू
महानगर संवाददाता
मुंबई।
लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) की घोषणा होते ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र में हर उम्मीदवार के लिए चुनाव खर्च की सीमा 95 लाख रुपए तय की है, जबकि विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्येक उम्मीदवार की खर्च की सीमा 40 लाख रुपए है। उम्मीदवार के नामांकन पत्र भरने के साथ ही चुनाव खर्च की गणना शुरू हो जाएगी। बता दें कि लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा की रिक्त अकोला पश्चिम सीट पर 26 मई को उप चुनाव कराए जा रहे हैं।
आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) नई लोकसभा के गठन तक लागू रहेगी। इस दौरान स्वेच्छा निधि से अनुदान वितरण, मंत्रियों के दौरे, सरकारी वाहनों का उपयोग, सरकारी विज्ञापनों का प्रकाशन, नए काम या नई योजनाओं की घोषणा, सरकारी और निजी संपत्तियों को विद्रुप करने पर प्रतिबंध रहेगा। आदर्श आचार संहिता के दौरान खर्च पर देखरेख और नियंत्रण के लिए राज्य स्तर और जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। उम्मीदवार के नामांकन पत्र भरने से चुनाव खर्च की गणना शुरू हो जाएगी। यदि उम्मीदवार ने नामांकन पत्र भरने से पहले प्रचार सामग्री खरीदी है और उसका उपयोग नामांकन पत्र भरने के बाद किया तो उसका खर्च भी चुनाव खर्च में जोड़ा जाएगा। राजनीतिक दलों व उम्मीदवारों के विज्ञापन प्रमाणीकरण करने के लिए राज्य स्तर व जिला स्तर पर प्रमाणीकरण और नियंत्रण समिति की स्थापना की गई है। आदर्श आचार संहिता काल के दौरान प्रत्याशियों को क्या करना है, क्या नहीं। इसकी जानकारी महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।

राज्य में मतदाताओं की संख्या
महाराष्ट्र में 15 मार्च 2024 को अपडेट मतदाता सूची के अनुसार कुल वोटरों की संख्या 9,20,31,070 है।  इसमें पुरुष वोटर 4,78,50,789 और महिला वोटरों की संख्या 4, 41,74,722 है, जबकि तृतीयपंथी वोटरों की संख्या 5559 है। वर्ष 2019 की तुलना में कुल मतदाताओं की संख्या में 34,69,535 का इजाफा हुआ है। विशेष बात यह है कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार प्रति एक हजार पुरुषों पर महिलाओं की संख्या 929 थी, जो वर्ष 2019 में नीचे गिरकर 911 जा पहुंची, लेकिन 2024 में बढ़कर 923 हो गई। इसके लिए चुनाव आयोग ने महिला मतदाताओं का पंजीकरण के लिए विशेष मुहिम चलाई थी।

मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ी
पिछले लोकसभा चुनाव में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 95,473 थी, जो वर्ष 2024 में बढ़कर 97,325 हो गई है। 

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups