० 16 अप्रैल को खारघर के कॉर्पोरेट पार्क में भव्य कार्यक्रम
० मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने की समारोह की पूर्व समीक्षा
मुंबई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) 16 अप्रैल को प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता और सुधारक दत्तात्रेय नारायण धर्माधिकारी (Dattatreya Narayan Dharmadhikari) उर्फ अप्पासाहेब धर्माधिकारी को महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार से सम्मानित करेंगे। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉर्पोरेट पार्क, खारघर, नवी मुंबई में आयोजित होने वाले इस सम्मान समारोह से महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार का कद बढ़ेगा। हम सभी इसके लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। यह ऐसा कार्यक्रम होगा, जो इतिहास में दर्ज किया जाएगा।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में महाराष्ट्र भूषण 2022 पुरस्कार वितरण समारोह की पूर्व समीक्षा के लिए नवी मुंबई, खारघर के कॉपोर्रेट पार्क में बैठक आयोजित की गई थी। शिंदे ने कहा कि इस कार्यक्रम में अप्पासाहेब धर्माधिकारी के लाखों समर्थकों के भाग लेने की उम्मीद है और हजारों वाहनों के लिए पार्किंग सहित सभी व्यवस्था की जानी चाहिए। शिंदे ने पनवेल और नवी मुंबई के नागरिक निकायों और स्वास्थ्य अधिकारियों से मेगा समारोह के लिए पूरी सावधानी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बैठक में रायगड के पालक मंत्री उदय सामंत, ठाणे जिले के पालक मंत्री शंभुराज देसाई, विधायक भरत गोगावले, प्रशांत ठाकुर, महेश बालदी, सांस्कृतिक कार्य विभाग के सचिव सौरभ विजय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। समीक्षा बैठक के उपरांत मुख्यमंत्री ने जिस मैदान में सम्मान समारोह होना है, उसका भी मुआयना किया और अधिकारियों से चर्चा की।
बता दें कि महाराष्ट्र सरकार ने अप्पासाहेब धर्माधिकारी को वर्ष 2022 का महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की थी। इस पुरस्कार के तहत एक पदक, एक प्रशस्ति पत्र और 25 लाख रुपए दिए जाते हैं। अप्पा साहेब के पिता और प्रसिद्ध उपदेशक-सुधारक स्वर्गीय डॉ. नारायण विष्णु धर्माधिकारी को भी वर्ष 2008 में महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। शिंदे ने अप्पासाहेब धर्माधिकारी को वृक्षारोपण, रक्तदान और चिकित्सा शिविर, दहेज प्रथा को त्यागने, महिलाओं और आदिवासियों को सशक्त बनाने, बच्चों और वयस्क साक्षरता केंद्रों के लिए प्रशिक्षण आयोजित करने, नौकरी मेले आयोजित करने, स्वच्छता, अंधविश्वास उन्मूलन, नशे की लत, राष्ट्रीय एकता और पारंपरिक और धार्मिक मूल्यों पर जनता को उपदेश देने जैसी सामाजिक और समाज निर्माण गतिविधियों में सहायक बताया। प्रसिद्ध नियमित सभाओं, जिन्हें 'श्री बैठक' के रूप में जाना जाता है, का शुभारंभ दिवंगत डॉ. नानासाहेब धर्माधिकारी द्वारा अक्टूबर 1943 में रायगढ़ में किया गया था, और पिछले तीन दशकों से उनके बेटे अप्पासाहेब धर्माधिकारी ने उन्हें आगे बढ़ाया है। दिसंबर 2013 में, डॉ. नानासाहेब धर्माधिकारी प्रतिष्ठान ने 1,52,000 से अधिक प्रतिभागियों और 1,571 डॉक्टरों के साथ दुनिया का सबसे बड़ा चिकित्सा शिविर आयोजित किया, जिसने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Apr 11 , 2023, 07:21 AM